Monday, July 6, 2026

बहनापा Sisterhood Chandrashekhar B.Sharma

 



बहनापा 




बड़े नाल साहब मोहल्ले की गलियों में


दोस्तियाँ

हाथ नहीं मिलाती थीं।


वे

धीरे-धीरे

एक ही भूँजी हुई सुपारी का

कसैला रंग ओढ़ लेती थीं।


दोपहर

जब धूप को

तवे की तरह तपाती थी,


किसी आँगन से

भुनती हुई सुपारी की गंध उठती—


धुएँ में भीगी,


लकड़ी की आँच से

हल्की-सी ताँबई,


जैसे

सूरज ने

अपने ही किसी छोटे-से टुकड़े को

भूनकर

धरती पर रख दिया हो।


वह सुपारी

कोई चीज़ नहीं थी।


वह

चलती-फिरती दोपहर थी।


बचपन का

सबसे छोटा चाँद।


एक गोल,

लाल-भूरा ग्रह,


जो

एक मुँह की कक्षा से निकलकर

दूसरे मुँह के आकाश में

चुपचाप प्रवेश कर जाता था।


पहले

टोनी।


उसके दाँतों के बीच


"टक..."


एक बहुत छोटी-सी आवाज़ होती।


जैसे

सूखी डाल पर

गौरैया ने

अपनी चोंच आज़माई हो।


फिर

चग़ली हुई सुप्यारी 

उसकी हँसी की नमी लेकर

हथेली पर उतरती।


हथेली...


जिसमें

धूल भी होती,

कंचों की खरोंच भी,

आम के दूध के सफ़ेद दाग भी,

और

गिल्ली-डंडे की मिट्टी भी।


वही हथेली

धीरे से

दुर्रानी की ओर खुल जाती।


न कोई झिझक।


न कोई हिचक।


सिर्फ़ आँखों में

एक चमक—


"ले..."


दुर्रानी

उसे ऐसे उठाता

जैसे

स्कूल से आने  के बाद

गणेश किराना की बरनी से मिली

भूरी मखमली किसमिस निकाली जाती है—


संभालकर,


मगर

बिना किसी हिचक के।


वह सुपारी

अब तक

दो बच्चों की हँसी पी चुकी होती।


दो जोड़ी दाँतों की धूप देख चुकी होती।


दो गली हुई खांक्कों की गरमाहट

अपने भीतर रख चुकी होती।


फिर भी


उसकी कसैली आत्मा

ज़रा भी कम नहीं होती।


बल्कि


हर नई बारी के साथ


उसमें

एक नया स्वाद उग आता।


स्वाद—


जो सुपारी का नहीं,


साथ का होता था।




उधर


गुड्डी और रेणुका 


भुने हुए इमली के चिए

हथेलियों पर रखे

ऐसे फूँकतीं,


मानो

दो नन्ही लड़कियाँ

किसी बुझते हुए तारे को

फिर से चमकाना चाहती हों।


काले।


चिकने।


धुएँ की महीन राख से ढके।


इतने छोटे कि चिड़िया की आँख भी

उनसे बड़ी लगे।


गुड्डी

उसे बड़े चाव से चगलती।


धीरे-धीरे चूसती।


खटास

पहले जीभ पर उतरती,


फिर गालों में,


फिर आँखों तक पहुँच जाती।


उसकी पलकों पर

एक सिकुड़ी हुई मुस्कान उग आती।


रेणुका 

उसे देखती रहती।


इंतज़ार भी

कभी-कभी

सबसे मीठा स्वाद होता है।


आख़िर

गुड्डी

हँस पड़ती।


बीज निकालकर

 रेणुका की हथेली पर रख देती।


रेणुका

उसे देखते ही कहती—


"अभी इसमें

थोड़ी-सी बारिश बची है।"


और सचमुच,


इमली की खटास

अब बीज में नहीं,


उन दोनों की खिलखिलाहट में

रह जाती थी।


शायद


बचपन की हर चीज़


अपने असली स्वाद से पहले


अपना

साझा स्वाद बन जाती थी।






कक्का और भूरी के बीच


बहनापा

चुगलियों से नहीं,


कच्ची कैरियों की फाँकों से पनपता था।


गर्मी की दोपहर


ईमली की छितरी हुई छाँह में


एक पुरानी थाली उलटी पड़ी रहती,


और उसके बगल में


नमक की छोटी-सी पुड़िया,


लाल मिर्च का चुटकी-भर सूरज,


और हरी कैरियाँ—


जिनकी देह पर


हवा अब भी


पेड़ की पत्तियों की गंध छोड़ जाती थी।


चाकू


कैरी के भीतर उतरता,


तो लगता


जैसे किसी हरे बादल को


बीच से चीर दिया गया हो।


एकदम ताज़ा,


दूधिया,


भीगी हुई गंध


हथेलियों में भर जाती।


कैरी का सफ़ेद दूध


उँगलियों पर मोतियों की तरह चमकता,


और कक्का


उसे अपनी फ्रॉक के कोने से पोंछकर


हँस देती।


फिर


नमक।


धीरे-धीरे।


मानो चाँदनी उतर रही हो।


उसके बाद


लाल मिर्च—


जैसे किसी तोते ने


अपनी लाल चोंच


उस हरी फाँक पर रगड़ दी हो।


पहला कौर


कक्का लेती।


दाँत लगते ही


धूप का चेहरा सिकुड़ जाता।


आँखें आधी बंद।


नाक की पुलिया तन जाती।


फिर


एक लंबी साँस...


"सीऽऽ..."


और उसी साँस के पीछे


इतनी उजली हँसी,


कि लगता


पूरी गर्मी


खटास बनकर खिलखिला उठी है।


भूरी


अब और नहीं रुक पाती।


वह उसी जगह


अपने दाँत रख देती,


जहाँ अभी-अभी


कक्का की हँसी बैठी थी।


उन्हें


कैरी का स्वाद कम,


एक-दूसरे की बारी ज़्यादा याद रहती थी।




बरसात से पहले


जब जामुन पकते,


तब पूरा मोहल्ला


अपनी ज़बानें


बैंगनी कर लिया करता।


कौन कितना खाया,


इसका हिसाब


किसी की हथेली पर नहीं,


सबकी जीभ पर लिखा रहता।


बिक्का


मुट्ठी खोलता,


तो उसमें


रात के छोटे-छोटे गोल ग्रह चमकते।


दुर्रानी


सबसे मोटा जामुन चुनकर


अपने लिए नहीं,


बिक्के के मुँह में ठूँस देता।


और फिर दोनों


एक-दूसरे की जीभ देखकर


इतना हँसते,


कि जामुन से ज़्यादा


हँसी का रंग फैल जाता।


उँगलियाँ बैंगनी।


होंठ बैंगनी।


दाँतों की दरारों तक


बैंगनी।


मानो साँझ


बच्चों के मुँह में


आकर रहने लगी हो।




शहतूत


हम कभी खाते नहीं थे।


हम उन्हें


अपनी उँगलियों पर पहन लेते थे।


एक-एक दाना


फूटता,


तो मीठा बैंगनी रस


हथेलियों की रेखाओं में भर जाता।


गुड्डी


हँसकर कहती—


"देख...


मेरे हाथों में स्याही उग आई।"


रेणुका 


अपनी उँगलियाँ उसकी उँगलियों से मिलाती,


और दोनों की हथेलियाँ


ऐसी लगतीं,


मानो किसी ने


दो तितलियों के पंखों पर


जामुनी शाम मल दी हो।




मूँगफली की गरम पुड़िया


सर्दियों की जेब में रखा


सबसे छोटा अलाव होती थी।


अख़बार खोलते ही


भुने दानों की भाप


नाक से उतरकर


सीधे यादों में चली जाती।


पहला दाना


कभी किसी का नहीं होता था।


वह हमेशा


दूसरे की हथेली पर रखा जाता।


छिलके


उड़ते हुए


बालों में अटक जाते,


कंधों पर उतरते,


पैरों तले चरमराते,


और ज़मीन पर


ऐसे बिछ जाते,


जैसे पतझड़ ने


अपनी सबसे छोटी पत्तियाँ


यहीं गिराई हों।


हम मूँगफली नहीं खाते थे—


हम


सर्दियाँ चबाते थे।


हर दाने के भीतर


धूप का एक गरम टुकड़ा होता,


जो दाँतों के नीचे टूटते ही


पूरे बदन में फैल जाता।




कभी-कभी


भूँजी हुई सुपारी,


कच्ची कैरी,


जामुन,


मूँगफली,


ईमली के चिए—


सब एक साथ


एक ही दोपहर में मिल जाते।


तब लगता,


पूरा बड़े नाल साहब मोहल्ला


कोई मोहल्ला नहीं,


एक विशाल थाली है—


जिसमें


हर बच्चा


एक अलग स्वाद है,


और हर स्वाद


दूसरे के मुँह से होकर


अपना असली नाम पाता है।




दोपहरें


सिर्फ़ धूप की नहीं होती थीं।


वे

भूख की भी होती थीं।


ऐसी भूख,


जो पेट से कम,


आँखों और हथेलियों में लगती थी।


स्कूल से लौटते ही


बस्ते


दरवाज़ों के पीछे गिर जाते,


और बच्चे


सीधे उन गलियों में फैल जाते


जहाँ हर जेब में


कोई-न-कोई छोटा-सा मौसम छिपा रहता।


किसी की जेब में


आम पापड़ की मुड़ी हुई पट्टी,


जो खोलते ही


धूप की परतों की तरह खुलती जाती।


उसकी देह


अंबर-सी पारदर्शी,


मानो डूबते सूरज को


पतला बेलकर


काग़ज़ में लपेट दिया गया हो।


बिक्का


एक सिरा दाँतों से काटता।


खींचता।


आम पापड़


धीरे-धीरे लंबा होता,


जैसे शाम


आकाश पर फैल रही हो।


फिर वही सिरा


दुर्रानी की ओर बढ़ा देता।


दोनों के दाँत


एक ही मिठास के


दो किनारों पर मिलते,


और हवा में


पके आमों की महक


दूर तक तैर जाती।




कभी


एक ही संतरे वाली गोली


पूरे मोहल्ले का सूरज बन जाती।


उसका चमकीला काग़ज़


खुलते ही


ऐसी आवाज़ करता,


मानो किसी ने


सूखे पत्ते के भीतर


धूप बंद कर रखी हो।


गुड्डी


उसे बीच से तोड़ने की कोशिश करती।


गोली


बराबर कहाँ टूटती थी!


एक टुकड़ा बड़ा,


दूसरा छोटा।


मगर रेणुका 


हर बार


छोटा टुकड़ा उठा लेती।


और कक्का हँस देती—


"मीठा आकार से नहीं होता।"


फिर तीनों की जीभें


संतरे की गंध से भर जातीं,


और बातें करते-करते


वे बार-बार


होंठ चाटतीं,


मानो शब्द भी


मीठे हो गए हों।




आईस प्रोट 


बर्फ़ का गोला


गर्मी का सबसे रंगीन सपना था।


लाल शरबत,


हरा शरबत,


पीला शरबत,


नीला शरबत—


बर्फ़ की सफ़ेद चोटी पर


इंद्रधनुष उतर आता।


पहला चूसता


तो दूसरे की बारी


अपने-आप तय हो जाती।


कोई नहीं पूछता—


"किधर से चूसूँ?"


हर तरफ़


किसी-न-किसी की हँसी लगी होती।


जब तक आख़िरी बर्फ़


पिघलकर


लकड़ी की तीली तक न पहुँच जाती,


तब तक


चार जोड़ी होंठ


उसमें अपना-अपना मौसम छोड़ चुके होते।




और पानी...


अरे,


पानी भी कभी अकेला नहीं पिया जाता था।


हैंडपंप के नीचे


एक ही स्टील का गिलास


धूप में चमकता रहता।


किसी के होंठों की नमी


अभी सूखी भी न होती,


कि दूसरा बच्चा


उसी किनारे से


अपनी प्यास लगा देता।


पानी


गले से उतरता कम,


हँसी के बीच छलकता ज़्यादा था।


कुछ बूँदें


ठुड्डी से गिरतीं।


कुछ कमीज़ पर।


कुछ मिट्टी पी जाती।


और कुछ


शायद आज भी


उसी हैंडपंप के आसपास


घास बनकर उगती होंगी।




अब सोचता हूँ—


हमने एक-दूसरे से


आख़िर बाँटा क्या था?


सुपारी?


कैरी?


इमली?


आम पापड़?


या


अपनी-अपनी उम्र का


सबसे उजला हिस्सा?


शायद


स्वाद कभी किसी चीज़ में नहीं रहता।


वह तो


उस हाथ में रहता है


जो कहता है—


"ले...


अब तेरी बारी।"


और उसी क्षण


एक साधारण-सी चीज़


रिश्ता बन जाती है।




आज


बच्चों के टिफ़िन


अलग-अलग हैं।


बोतलें


अलग-अलग।


चम्मच


अलग-अलग।


चॉकलेटें


अलग-अलग।


सब कुछ


पूरा-पूरा।


मगर जाने क्यों


हँसी


पहले जैसी


आधी-आधी भी नहीं लगती।


कभी-कभी


मन लौटकर


बड़े नाल साहब मोहल्ले की


उसी धूल भरी गली में बैठ जाता है,


जहाँ


एक छोटी-सी भूँजी हुई सुपारी


अब भी


किसी नन्ही हथेली में


अपनी अगली बारी की प्रतीक्षा कर रही है।


उसका कसैलापन


शायद कब का चुक गया,


पर उस पर लगे


दाँतों के वे नन्हे-नन्हे चिह्न


अब भी चमकते होंगे—


जैसे स्मृति


अपने सबसे छोटे दीपक में


अब तक लौ बचाए बैठी हो।


और मैं जब भी


अपने बचपन का स्वाद याद करता हूँ,


जीभ पर


सुपारी नहीं उतरती—


पहले


बिक्का की हँसी आती है,


फिर दुर्रानी की,


फिर गुड्डी,


रेणुका ,


कक्का,


भूरी...


और सबसे आख़िर में


किसी अनदेखे बच्चे की आवाज़—


"ले...

अब तेरी बारी है।




Sisterhood



In the lanes of Bade Naal Sahab Mohalla,

friendships never began

with the shaking of hands.


They ripened, slowly,

into the tannin-stained hue

of a single roasted betel nut,

passed from mouth to mouth.


Afternoons—


when the sun

heated the earth

like an iron griddle,


the fragrance of roasting betel nut

would drift from some unseen courtyard—


smoke-soaked,

kissed by the warmth of firewood,


its bronze aroma

as though the sun itself

had roasted

one tiny fragment of its own body

and laid it gently upon the earth.


That betel nut

was never merely a thing.


It was an afternoon

walking on little feet.


It was childhood's

smallest moon—


a tiny, russet planet,


slipping silently

from the orbit of one mouth

into the sky

of another.


First came Tony.


Between his teeth

there was always

a delicate—


click...


A sound so slight,


like a sparrow

testing its beak

against a dry twig.


Then,


the softened betel nut,


still moist

with his laughter,


would descend

into an open palm.


A palm


holding dust,


the scratches of marbles,


white stains

from the milk of raw mangoes,


and the brown earth

of countless games of gilli-danda.


That very palm


would slowly open


towards Durrani.


No hesitation.


No disgust.


Only a glimmer in the eyes—


"Here..."


 Durrani would lift it


with the same tender care


with which a child,


returning from school,


takes a plump velvet raisin


from the old glass jar


at Ganesh Kirana Store—


carefully,


yet without the slightest reserve.


By now,


that little betel nut


had already tasted


the laughter of two children,


had basked


in the sunshine of two pairs of teeth,


had gathered within itself


the warmth


of two dusty little worlds.


Yet


its astringent soul


had not diminished.


Instead,


with every new turn,


another flavour blossomed inside it—


a flavour


that belonged


not to the betel nut,


but to companionship itself.


Elsewhere,


Guddi and Renuka


held roasted tamarind seeds


upon their tiny palms,


blowing on them


as though


two little girls


were trying


to coax


a dying star


back into shining.


Black.


Smooth.


Veiled


with the fine ash


of woodsmoke.




So tiny were those roasted tamarind seeds


that even a sparrow's eye


would have seemed larger.


Guddi


would relish hers


with slow devotion,


letting it soften,


lingering over every taste.


The sourness


would first bloom upon her tongue,


then spread into her cheeks,


until it finally reached her eyes,


where a shy smile


would gather


like a folded flower.


Renuka


would simply watch.


Sometimes,


waiting itself


is the sweetest flavour


childhood ever knows.


At last,


Guddi would burst into laughter,


spit the smooth little seed


into Renuka's waiting palm.


Renuka,


the moment she saw it,


would smile and whisper,


"There's still a little rain left inside."


And truly,


the tamarind's tartness


no longer lived


within the seed—


it lingered


in the laughter


the two girls shared.


Perhaps


everything in childhood


first surrendered


its own flavour


before becoming


a shared one.


Between Kakka


and Bhuri,


sisterhood


never grew


through whispered gossip.


It ripened


through slices


of raw green mango.


On blazing summer afternoons,


beneath the scattered shade


of an old tamarind tree,


an upturned brass plate


would lie waiting,


beside it,


a tiny paper packet of salt,


a pinch


of red chilli,


bright as a fragment of sunset,


and raw mangoes,


their green skins


still carrying


the fragrance


of wind-blown leaves.


The knife


would descend


into the mango,


and it would seem


as though


a green cloud


had been split in two.


A fresh,


milky,


rain-washed fragrance


would flood


their little hands.


White sap


would glisten


upon their fingers


like strings of tiny pearls,


and Kakka,


laughing,


would wipe them away


on the corner


of her frock.


Then came


the salt—


falling slowly,


softly,


like moonlight


settling upon leaves.


After that,


the red chilli—


as though


a bright green parrot


had brushed


its crimson beak


across the tender slice.


The first bite


always belonged


to Kakka.


The instant


her teeth touched


the mango,


the afternoon itself


seemed to pucker.


Her eyes


half closed.


The little wings


of her nose trembled.


Then,


one long breath—


"Sssss..."


And behind that sigh


would arrive


such dazzling laughter


that it seemed


the whole summer


had burst


into laughter,


disguised


as sourness.


Bhuri


could wait no longer.


She would place


her own teeth


upon the very place


where,


only a heartbeat earlier,


Kakka's laughter


had been sitting.


It was never


the mango's taste


they remembered most.


It was always


whose turn


came next.




Before the monsoon arrived,


when the jamun ripened,


the whole of Bade Naal Sahib Mohalla


would wear


purple upon its tongue.


No one kept count


of who had eaten how many.


The tally


was never written


on anyone's palm—


it gleamed


upon everyone's smile.


Bikka


would unclench his little fist,


revealing


tiny violet planets,


still carrying


the coolness of the night.


Durrani,


finding the fattest jamun,


would never keep it


for himself.


He would gently push it


into Bikka's waiting mouth.


And then,


the two would burst into laughter,


sticking out


their stained purple tongues,


until it seemed


that the colour


had spread


not from the fruit,


but from joy itself.


Purple fingers.


Purple lips.


Even the narrow spaces


between their teeth


turned violet—


as though


the evening sky


had quietly come


to live


inside the mouths


of children.





Mulberries


were never something


we merely ate.


We wore them


upon our fingertips.


Each tiny berry,


when it burst,


released


a sweet purple nectar


that wandered


through the fine lines


of our palms.


Guddi


would laugh,


holding out her hands.


"Look...


Ink has begun


to grow


inside my palms."


Renuka


would press


her stained fingers


against Guddi's.


Together,


their little hands


looked


as though


someone had brushed


the wings


of two butterflies


with the violet hush


of twilight.



---


In winter,


a warm paper cone


of roasted peanuts


was the smallest bonfire


one could carry


inside a pocket.


The moment


the newspaper wrapping


was unfolded,


the fragrant steam


of roasted kernels


would rise,


slip through the nose,


and settle,


without asking permission,


inside memory itself.


The first peanut


never belonged


to the one


who opened the packet.


It always found


its way


into another child's palm.


The brittle shells


flew through the air,


caught


in untidy hair,


rested


upon little shoulders,


crackled


beneath bare feet,


or scattered


across the ground


like the tiniest leaves


autumn


had forgotten


to gather.


We never merely


ate peanuts.


We chewed


winter itself.


Inside every kernel


waited


a small warm fragment


of sunlight,


which,


the instant


our teeth broke it open,


spread quietly


through the whole body,


like warmth


finding its forgotten home.




Sometimes,


roasted betel nut,


raw mango,


jamun,


peanuts,


and roasted tamarind seeds—


all gathered


within the embrace


of a single afternoon.


Then it seemed


that the whole of Bade Naal Sahib Mohalla


was no ordinary neighbourhood,


but a vast earthen platter,


where every child


was a different flavour,


and every flavour


discovered its true name


only after passing


through someone else's mouth.


Those afternoons


were never made


of sunlight alone.


They belonged


to hunger as well—


not the hunger


that lived in the stomach,


but the one


that glimmered


in eager eyes


and open palms.


The moment school ended,


satchels


collapsed behind doors,


and children


spilled into the lanes,


where every pocket


hid


its own little season.


Someone carried


a folded strip


of mango leather.


The instant it was unwrapped,


it unfolded slowly,


layer after layer,


like sunlight


opening itself


across the afternoon.


Its amber body


glowed translucent,


as though


the setting sun


had been rolled thin


and wrapped carefully


inside paper.


Bikka


would bite


one end.


Then pull.


The mango leather


would stretch,


slowly,


endlessly,


like evening


spreading itself


across the sky.


Without a word,


he would extend


the other end


towards Durrani.


Their teeth


would meet


at opposite shores


of the same sweetness,


while


the fragrance


of ripe mangoes


sailed softly


through the warm air.


Sometimes,


a single orange candy


became


the afternoon sun


for the entire mohalla.


As soon as


its bright wrapper


was opened,


it crackled


like dry leaves


secretly hiding


a piece of sunlight.


Guddi


would try


to break it


into equal halves.


But candies


rarely obey


such mathematics.


One piece


would always


be larger.


The other,


smaller.


Every single time,


Renuka


would quietly choose


the smaller piece.


Kakka


would laugh


and say,


"Sweetness


is never measured


by size."


Soon,


the three girls'


tongues


filled


with the fragrance


of oranges,


and as they talked,


they kept


licking their lips,


as though


their very words


had turned sweet.




Soon,


their tongues


filled


with the fragrance


of oranges.


And as they talked,


they kept


licking their lips,


as though


their very words


had become sweet.





The coloured ice-lolly—


a ball of shaved ice—


was summer's


most radiant dream.


Scarlet syrup.


Emerald syrup.


Golden syrup.


Azure syrup.


Upon a white hill


of ice,


a rainbow


would quietly descend.


The first sip


belonged to one child.


The next


needed no asking.


No one ever said,


"Where should I sip from?"


Every side


already carried


someone else's laughter.


By the time


the last crystal of ice


had melted


down to the little wooden stick,


four pairs of lips


had already left


their own seasons


behind.





And water...


Ah,


water was never


drunk alone.


Beneath the hand pump,


a single steel tumbler


glittered


in the afternoon sun.


Before


the dampness


of one child's lips


had even faded,


another child


would lift


the very same rim


to quench


his thirst.


The water


travelled


less through the throat


than through


bursts of laughter.


A few drops


fell from chins.


Some darkened


cotton shirts.


Others disappeared


into the waiting dust.


And perhaps,


some of them


are still there,


having risen


as blades of grass


around that old hand pump.





Now,


when I look back,


I often wonder—


what was it,


after all,


that we truly shared?


A roasted betel nut?


A slice


of raw mango?


A tamarind seed?


A strip


of mango leather?


Or


the brightest fragments


of our childhood itself?


Perhaps


flavour


never truly lives


inside any fruit.


It lives


inside the hand


that quietly says,


"Here...


Now it's your turn."


And in that single moment,


the most ordinary thing


crosses


the invisible threshold


between object


and affection,


becoming


a relationship.






Today,


children's lunchboxes


are separate.


Their water bottles—


separate.


Their spoons—


separate.


Their chocolates—


separate.


Everything


is whole,


complete,


untouched.


And yet,


for reasons


I cannot explain,


their laughter


no longer feels


even half


as shared


as ours once did.


Sometimes,


my heart


wanders back


to that dust-laden lane


of Bade Naal Sahib Mohalla,


where


a tiny roasted betel nut


still seems


to rest


inside


a child's waiting palm,


patiently awaiting


its next turn.


Its astringency


must have faded


long ago.


Yet the little marks


left upon it


by children's teeth


still seem


to shine—


like memory


guarding


its smallest flame


against the dark.


And whenever


I try


to remember


the taste


of my childhood,


it is never


the betel nut


that returns


to my tongue.


First,


comes


Bikka's laughter.


Then,


Durrani's.


Then,


Guddi's.


Renuka's.


Kakka's.


Bhuri's.


And finally—


the voice


of some unseen child,


still echoing


through those forgotten lanes:


"Here...


Now it's your turn."