Monday, May 12, 2025

डल के किनारे, बुद्ध खड़ा है! चंद्रशेखर शर्मा

 डल के किनारे, बुद्ध खड़ा है! 



कुतुबनुमा बनकर आओ गौतम,

कुछ खेवैयों की राहें भटक गई हैं !

डल की ख़ामोश झील में उतर जाओ

जहाँ अब चिनार की पत्तियाँ भी

तुम्हारे सुकूत को सुनने को बेताब हैं…

इस झील में फिर से

करुणा का कोई शिकारा बहा दो—

ताकि जो हाथ पतवार खेते हैं,

उन्हें फिर से सुकून मिल जाए!


हज़ारों नक़्शे,

हज़ारों किताबें

ना वो दे सकीं जो एक नज़र तुम्हारी दे गई—

अंगुलिमाल की आँखें गवाह हैं

कि तौबा की राह

सिर्फ़ तुम्हारे चेहरे की तरफ़ खुलती है–

वो चेहरा अब डल में उतर आए

रौशनियों की शक्ल में!


देखो वैसे

जैसे पुलवामा में बहते हुए

झेलम अपने अक्स को देखती है

हर लहर में पछतावे की छाया लिए।

एक दहशतगर्द की नज़रों ने

जब बुद्ध का चेहरा देखा

तो क़त्ल की सारी वजहें

ख़ुद-ब-ख़ुद गिर गईं…


इरादा वो

जो बर्फ़ में भी आग जला दे,

जैसे अवंतिपुर के खंडहर

अब भी वक़्त को सज़दा करते हैं।

दहशतगर्द की कारतूसों से रंगी ज़ुबान 

जब बोली थी उस दिन वादियों में

तो वक़्त ने करवट ली थी!


लफ़्ज़ वो जो

ज़ख़्म को मरहम बना दे,

बोल वो जो

सन्नाटे को सुकून दे।

बुद्ध की ख़ामोशी

उस दिन के शोर को

हमेशा के लिए ख़ामोश कर गई।


अमल ऐसा

जैसे शिकारा डल में तैरे—

बिना पानी को बेक़रार किए।

हर क़दम

गुनाह को छोड़ता चले,

और तौबा की नर्म राह बनाता जाए।


रोज़ी वो

जो किसी परिंदे की उड़ान न छीने,

न किसी इंसान की रोटी को हलाल से महरूम करे।

गौतम की नज़र ने

उसे ज़िंदगी माँगने को कहा

और मौत की राह 

उसने छोड़ दी।


कोशिश ऐसी

जो हिमालय को पिघला दे

 बाढ़ की तरह नहीं

एक झील बनकर डल हो जाए

जिसमें सुकून ठहरा हो!

हर लम्हा

गवाही दे उस बदलाव की

जो एक क़ातिल को पीर बना दे।


यादें…

ना शिकवा, ना शर्म।

बस एक तसव्वुर

जो देवदार की तरह

हर तूफ़ान को सब्र से थाम ले।

उंगलियों की माला पहनने वाले की रूह

हर गुनाह को याद रखते हुए

ख़ुदा के करीब हो गई।


और फिर

जब सब कुछ रुक जाए

तो भीतर उतर जाए वो ख़ामोशी—

जो न ज़ुबां से बोले, न आँख से बहके।

जैसे डल की सतह

साँझ में ज़मीर बन जाती है।

कुछ बेनकाब पछतावे के चेहरे

अब फ़ना में नहीं,

राहत में जीते है।


गौतम, फिर आओ

कश्मीर तुम्हारी राह देखता है।

हर घाटी में

हर ज़र्रे में

एक ग़लत राह पर निकला कोई अंगुलिमाल है—

जो तुम्हारी एक नज़र से

फ़रिश्ता बन सकता है…


—------------------------------------------------------




Buddha stands on the banks of Dal!


Come, Gautam,

become the compass

some boatmen have lost their way!

Step into the silent lake of Dal

where even the leaves of the chinar

are eager to hear your stillness.

Let a shikara of compassion

sail again on these waters

so that the hands that row

may find peace once more.


A thousand maps,

a thousand books

could not give

 what one glance of yours offered—

Angulimala's eyes testify

that the path to repentance

opens only toward your face

let that face descend into Dal

in the form of light.


See it,

as Jhelum in Pulwama

looks at its own reflection

carrying a shadow of remorse

 in every ripple.

When a terrorist saw Buddha’s face,

every reason for murder

fell away on its own…


That intention

which can light a fire even in snow,

like the ruins of Avantipur

still bowing before time.

The tongue stained by bullets of terror

spoke that day in the valleys,

and time turned on its side!


Words

that can turn wounds into healing,

a voice

that can soothe the silence–

Buddha’s silence

forever silenced the noise of that day.


Action

like a shikara gliding on Dal

without disturbing the waters

Each step

leaving sin behind,

softly paving the way to redemption…


Livelihood

that doesn’t steal a bird’s flight,

nor deny anyone their rightful bread

Gautam’s gaze

taught him to ask for life

and let go of the path of death.


An effort

that could melt the Himalayas,

not as a flood

but becoming a lake—

Dal

where peace settles!

Every moment

bearing witness to that transformation

that can turn a killer into a saint…


Memories

no complaint, no shame

Only a vision

that stands firm like a deodar

enduring every storm with patience.

The soul that wears a rosary on its fingers

remembered every sin

and drew closer to the Divine…


And then,

when all else pauses

may that silence rise within—

one that neither speaks through tongue

nor spills through the eyes.

Like the surface of Dal

becoming conscience at dusk.

Some unmasked faces of remorse

now live not in ruin,

but in relief…



Gautam, come again!

Kashmir awaits your path

In every valley,

in every speck of dust,

there walks an Angulimala gone astray

who, 

with just one glance from you,

can turn into an angel!






No comments:

Post a Comment