Friday, May 16, 2025

मैं ख़ामोशी में लिखा गया था…. चंद्रशेखर शर्मा

 




"मैं ख़ामोशी में लिखा गया था…"



बर्फ़ पर उकेरा गया एक हर्फ़,

पिघलते ही

अपने ही वजूद को निगल गया —

गोया ख़ामोशी की जुबान ने

सन्नाटे को नग़्मा बना दिया हो!


चिनार के पत्ते जब ज़मीनबोस होते हैं,

तो सिर्फ़ शाख़ों से नहीं,

यादों की रगों से भी जुदा होते हैं।

हर पतझड़, 

एक दफ़न रूह की दास्तान है,

जो झेलम के साहिल पर 

बग़ैर पढ़े, बहा दी जाती है…


आँगन में बैठा बुढ़ापा 

अब भी उबालता है हिकायतें,

ज़ाफ़रान की खुशबू में —

मगर हर फ़साना

बारूद की सदा में घुला लगता है…


मैं हम्कलाम होता हूँ —

मगर आवाज़, 

मेरी ज़बान की गिरफ़्त से फिसल जाती है,

मानो शिकारा

पत्थरों के ख़ौफ़ से किनारा कर ले!


पहलगाम 

अब ये हर्फ़ सिर्फ़ चिनारों का नहीं,

बल्कि 

ख़ून में रंगी तसवीरों की बू लिए हुए है!

सब्ज़ नमदे पर टहलता हुआ क़ाफ़िला

अब हर क़दम पर

ख़ौफ़ की चादर ओढ़े चलता है…

हर माज़ी की सदाओं में

ताज़ा मातम की गूंज है!


वो जो बरसों पहले

मंदिरों पर टूटा था कहर,

जब मज़हब पहचान बना 

और पहचान सज़ा —

अब वही रवायत 

पहलगाम के रास्तों में फिर से दोहराई गई…

जहाँ यक़ीन का सफ़र, 

बेयक़ीनी में 

यकायक मातम में तब्दील हो गया…


हमने हर वहशत को

काग़ज़ का शिकारा समझ कर

डल झील में रवाँ किया,

मगर पानी में घुला हर्फ़ 

अब भी सरगोशी करता है —

 मिटा नहीं, 

 बस मुखौटा बदला है, मैंने!


कभी-कभी

बर्फ़, शोले को चूम लेती है,

और चिंगारी

सुकून की चादर ओढ़ लेती है!

मगर यादें —

वो तो राख़ से उगते सुराख़ हैं

जो हथेलियों पर नक़्श बनाते हैं…


मैं देखता हूँ —

बच्चे फिर से पैरहन में

ख़्वाब ओढ़े खेलते हैं,

मगर अब उनके खिलौनों में

नक़्शे छुपे होते हैं,

जिनमें "घर" ग़ायब होता जा रहा है!


सुलगती साँसों में

कुछ तराने भस्म हुए हैं,

जो कभी रबाब पे गूंजते थे,

अब बारूद की ताल पर 

बेज़ारी से बजते हैं।


हर्फ़ 

के अंदर हर्फ़ बिखरता है,

मगर हर हर्फ़ एक जला हुआ परिंदा है,

जिसे कोई आस्मां पनाह नहीं देता…


फिर भी —

हम गुलमर्ग की वादियों में

मुस्कराहटों के नक़्श बनाते हैं,

हर ताज़ा लहू के दाग़ को

गुलाब समझ कर सींचते हैं!


क्यूँकि यादें —

वो दुश्मन भी हैं,और हमसाया भी

वो राख़ भी हैं,और बीज भी

वो लकीर भी हैं,और साया भी…


हम वही हैं,

बस लहजा बदल गया है।

हम वही हैं,

रंग नया किया है।

हम वही हैं,

मगर अब स्याही से नहीं —

सुकूत से तहरीर करते हैं!


—--------------------------------------------

"I was written in Silence…”


A single letter etched on snow

melts,

devouring its own existence

as though the tongue of silence

has turned stillness into song…


When chinar leaves kiss the ground,

they fall not just from branches,

but from the veins of memory too.

Each autumn

is the tale of a buried soul

washed away unread

on the banks of the Jhelum!


In the courtyard, old age

still brews stories

in the scent of saffron—

yet every tale

now tastes of gunpowder's echo…


I speak

but my voice slips

from the grip of my tongue,

like a shikara

avoiding the shore in fear of stones!


Pahalgam—

these words no longer belong

to chinars alone.

They carry the stench of

 blood-soaked frames.

A caravan treads the green felt

cloaked in fear with every step.

In the echoes of the past

resounds the grief of the freshly fallen…


That storm

which once shattered temples,

when faith became identity

and identity, a sentence—

returns

along the roads of Pahalgam,

where journeys of belief

collapse into sudden mourning!


We sent every terror afloat

on paper shikaras in Dal Lake,

but the ink dissolved in water

still whispers

It was never erased,

only masked, I tell you!


Sometimes,

snow kisses the flame

and sparks

hide beneath the blanket of calm.

But memories

they sprout like holes from ash,

leaving their prints

on the palms of time…


I watch—

children play once more

draped in dreams,

but now their toys

hide maps

where “home”

is slowly disappearing.


In breath that burns,

some songs have turned to ash

once echoed on the rabab,

now strike with indifference

to the rhythm of gunfire.


Words crumble into words—

each a bird of ash

beating wings

against a sky

that forgets how to shelter…


Still

we draw smiles

in the valleys of Gulmarg,

tending every fresh bloodstain

as if it were a rose!


Because memories—

they are foe 

and friend,

ash and seed,

scar and shadow.


We are the same—

only our tone has changed.

We are the same—

only the colors have shifted.

We are the same—

but now we write

not in ink

but in silence...





No comments:

Post a Comment