ज़मीर
ए कश्मीर के धृतराष्ट्र,
तेरे चश्म का अंधेरा
अब दहशतगर्दों का अंधापन बन चुका है,
हर चिनार का पत्ता
ख़ौफ़ज़दा पलकों की तरह फड़कता है!
तेरे मोह से लिपटे हुए एक सौ एक साँप,
अब झीलों के ख़ामोश साया-तल में
ज़हर की तरह मुन्तज़िर बैठे हैं —
और तू,
बर्फ़ीली चुप का बुत बना बैठा है…
हिन्द की सरज़मीं पर
रौशनी के हज़ारों दरगाह-ए-नज़र हैं,
जहाँ दी जाती है हिदायत की रौशनी,
जा,
हज़रतबल दरगाह जा
वहाँ जाकर
इस लानती ग़फलत को धो डाल,
क्योंकि ये अंधापन कोई बीमारी नहीं,
बल्कि एक सज़ा है।
ए गान्धारी!
तेरी आँखों की पट्टी अब वफादारी की निशानी नहीं,
ख़ामोश रज़ामंदी का कफ़न बन चुकी है!
उसे उतार फेंक —
क्योंकि अब
मोहमाया का अंधेरा नहीं,
उसमें वतनपरस्ती का उजाला चाहिए!
तेरे बेटे,
अब बारूद की ख़ुशबू में लिपटे लम्हे हैं,
जो पहाड़ों की ओट में,
शिकारों की पनाह में,
सन्नाटे के नकाब में छिपे हैं।
ए शिकारे!
तू इश्क़ का साज़ था,
अब बन हक़ का खेवैया,
लहरों को चीर और देख —
कहीं कोई मुनाफ़िक़ तो नहीं सवार?
ए डल,
ए वुलर!
तुम तो नज़रों का आईना हो,
अब बनो हक़ीक़त की गहराई,
तलाश करो वो चेहरे
जो मासूमियत की नक़ाब में
फ़साद और दहशत छुपाए बैठे हैं!
ए चिनारो,
ए सायेदार देवदारो!
अब तुम्हारी शाखें
सुकून नहीं, गवाही माँगती हैं!
हवा से कहो,
पत्तों को बना दो ख़ुफ़िया नज़रें,
कि वक़्त आ गया है —
परछाइयों की तह से सच को बाहर लाने का!
ए पश्म के रेशमी धागों
ए बर्फ़ीले वादियों में
गुफ़्तगू करने वाले परिंदों!
हर हलचल के तुम चश्मदीद गवाह हो,
अब ज़ुबान पर गठान लगाए
मुक्के ना बने रहना,
वरना इतिहास के काले स्याह
गद्दार सहफों में तुम्हारा ज़िक्र होगा…
ए बादलों, ऐ बर्फ़ की चादर,
ए पहाड़ों की सांसों!
तुम जो हर बे-ज़ुबान चीख़ के गवाह हो —
अब हर मोड़, हर वीराना
जांच की ज़द में लाओ,
हर परछाईं में ढूँढो —
जो मज़हब नहीं,
इंसानियत के दुश्मन हैं!
दुर्योधन और दुश्शासन,
उनके
निन्यानवे हमसाये,
अब भी ज़िंदा हैं —
दीवारों पर लगे मोस्ट वांटेड पोस्टरों में,
ग़ायब शख्स की फेहरिस्त में,
और संगीनों से लैस लिबासों में!
ए कश्मीरियो!
इन चेहरों को पहचानो,
ये वही हैं
जिन्होंने तुम्हारी वादियों में
रोटी की जगह राख की फ़स्लें बोई हैं!
बीस लाख के इनाम को वार दो,
क्योंकि ये इम्तिहान
ज़मीर की अदालत में है,
नक़द के बाज़ार में नहीं!
इतिहास की धड़कनें
अब भी महाभारत के नक़्श क़दमों पर चल रही हैं,
मगर इस बार कृष्ण
कोई किरदार नहीं,
बल्कि तुम्हारी फ़ितरत की आवाज़ है।
ए वादी के बाशिंदों!
धृतराष्ट्र मत बनो,
गान्धारी मत बनो,
इतिहास को दफ़न करोगे तो
माज़ी के अंकुर फूट पड़ेंगे!
…………………………………………………………………………….
Conscience
O Dhritarashtra of Kashmir,
The darkness in your eyes
Has now become the blindness of the terrorists.
Every leaf of the chinar
Trembles like the eyelid of fear!
The hundred and one serpents entwined around your mouth
Now sit silently beneath the shadows of the lakes,
Waiting like poison—
And you,
Sit frozen like an idol of icy silence…
On the sacred land of Hind,
There are thousands of shrines of light,
Where the light of guidance is offered.
Go,
Go to the Dargah of Hazratbal,
And there
Wash away this damned negligence,
Because this blindness is not a disease,
But a punishment.
O Gandhari!
The blindfold over your eyes
Is no longer a symbol of loyalty,
It has become a shroud of silent consent!
Tear it off—
Because now
It needs not the darkness of illusion,
But the light of patriotism!
Your sons
Are now moments wrapped in the scent of gunpowder,
Hidden behind the hills,
Sheltered by shikaras,
Concealed in the veil of silence.
O boatman!
You were once the melody of love,
Now become the ferryman of truth.
Slice through the waves and see—
Is there a traitor riding with you?
O Dal,
O Wular!
You were once the mirrors of the eyes,
Now become the depths of truth.
Seek out those faces
That, beneath the veil of innocence,
Hide chaos and terror!
O chinars,
O sheltering deodars!
Your branches
No longer offer peace—they demand testimony!
Tell the wind
To turn every leaf into a secret eye,
For the time has come—
To pull the truth out from beneath the shadows!
O threads of Pashmina,
O birds that converse in icy valleys!
You have witnessed every movement,
Now don’t remain fists with tongues knotted shut,
Or history’s blackened pages
Will mention you as traitors…
O clouds, O snowy blankets,
O breaths of the mountains!
You who have witnessed every voiceless scream—
Now bring every path, every wilderness
Under scrutiny.
Search every shadow—
For they are not enemies of faith,
But of humanity!
Duryodhan and Dushasan,
And their ninety-nine allies,
Still live—
On most-wanted posters on the walls,
In the lists of missing persons,
And in the uniforms armed with rifles!
O Kashmiris!
Recognize these faces,
They are the same ones
Who sowed crops of ashes instead of bread
In your valleys!
Reject that twenty-lakh bounty,
Because this test
Is in the court of conscience,
Not in the marketplace of currency!
The heartbeat of history
Still walks in the footsteps of the Mahabharata,
But this time,
Krishna
Is not a character—
He is the voice of your own nature.
O people of the valley!
Do not become Dhritarashtra,
Do not become Gandhari,
If you bury history,
Its seedlings will still sprout from the past!
No comments:
Post a Comment