गिरवी
(प्रीति के लिए)
प्लास्टिक की पारदर्शी झिल्ली में
मैं ठहरी हूँ—
जैसे साँस ने खुद को
थोड़ी देर के लिए मोड़कर रख दिया हो
अलाएँ-बलाएँ,
सुख-दुख,
गिले-शिकवे—
सब किसी पुराने कमरे की तरह
पीछे छूट गए हैं
अब बस
नाम और तारीख़
हल्की-सी मुस्कान में
एक-दूसरे को देखते हैं—
जैसे अंत भी
अपना मज़ाक समझता हो
चेहरा—
तुम एक बार देख लेना,
कफ़न उठाकर नहीं,
याद की तरह
धीरे से
शिनाख़्त
शायद आँखों से नहीं होगी,
किसी और जगह से
जहाँ पहचान
बोली नहीं जाती
अग्नि से पहले
कुछ भी पकड़ने जैसा नहीं बचेगा,
बस एक क्षण—
जो पूरा होते ही
खुद को छोड़ देगा
मैं कुछ रख आई हूँ
कहीं बहुत साधारण-सी जगह पर—
जैसे लोग भूल जाते हैं
ज़रूरी चीज़ें
मेरे चाचा के पास…
एक छोटा-सा हिसाब
अंतिम संस्कार के बाद
अगर याद रहे
तो छुड़ा लेना
एक झन्नाटेदार चाँटा—
मुझे भरोसा है
वो बिना सूद के
लौटा देंगे…
Pawned
[for Priti]
sealed inside a transparent plastic sheath,
i lie—
as if breath itself
has been folded away for a while
omens and afflictions,
joy and sorrow,
complaints and grievances—
all have been left behind
like an abandoned room
now only
a name and a date
exchange a faint smile—
as though even the end
recognizes its own irony
this face—
look at it once,
not by lifting the shroud,
but like a memory,
gently
recognition
may not come through the eyes,
but from somewhere else
where identity
is never spoken
before the fire,
nothing will remain to hold on to,
only a moment—
that, upon completing itself,
lets go
i have left something behind,
in an almost ordinary place—
the way essential things
are often forgotten
with my uncle…
a small account
after the last rites,
if it comes to mind,
please reclaim it—
a sharp, resounding slap
i am certain
he will return it
without interest…

No comments:
Post a Comment