Sunday, May 24, 2026

बड़े ताऊजी Chandrashekhar B.Sharma

बड़े ताऊजी



कुछ लोग

ख़ुदा की अधूरी उनींदी दोपहरों में गढ़े जाते हैं—

जैसे कुम्हार

चाक पर घूमती मिट्टी को

पूरा आकार देने से पहले ही

थककर उठ गया हो।

थोड़ी देह,

थोड़ी साँस,

थोड़ी-सी धड़कन

मिट्टी में दबाकर

उन्हें दुनिया की तरफ़ सरका दिया गया हो—

लो,

भीड़ में एक और चेहरा बढ़ गया।


पर बड़े ताऊजी को

ख़ुदा ने शायद फ़ुर्सत के किसी बहुत लंबे मौसम में बनाया था।


बरसों तक

उनकी हड्डियों में साल के पेड़ों की मजबूती भरी गई होगी,

छाती में हिमालय की धीरजभरी साँसें,

हथेलियों में कुओं से पानी खींचते मजदूरों की पकड़,

और दिल में बरगद की वह छाँव

जिसके नीचे थका हुआ मुसाफिर

अपना पूरा दुख उतार सकता है।


वे सचमुच बहुत बड़े थे।


इतने बड़े

कि बचपन में मुझे लगता था

अगर कभी आसमान टूटकर गिर पड़े

तो बड़े ताऊजी

अपनी दोनों बाँहें ऊपर उठाकर

उसे रोक लेंगे।


उनकी हँसी

बरसात में बरगद के पत्तों पर गिरती मोटी बूँदों जैसी थी—

खड़ाका मारकर हँसते थे वे,

और उनकी हँसी के साथ

दूसरे घर की दीवारों में जमी सीलन तक काँप जाती थी।


दूसरा घर…

उसकी भी अपनी एक देह थी।


पीछे का बड़ा आँगन,

लोहे की कुर्सियाँ,

क्रीम रंग के मार्बल वाली लोहे की छोटी मेज़,

उसपर गरुड़ पंखों में ढली काँच की मैरून बोतल,

नमकीन से भरी प्लेटें,

दीवारों पर धुएँ के काले धब्बे,

और शामें

जो वहाँ आकर

धीरे-धीरे बैठ जाती थीं

जैसे बुजुर्ग बरगद की छाँव में बैठते हैं।


अक्सर दोपहर ढलने से थोड़ा पहले

गली में उनकी हरे रंग की पुरानी स्कूटर लैंब्रेटा की आवाज़ सुनाई देती—

फट्… फट्… फट्…


उस स्कूटर का रंग

अब हरे से ज़्यादा धूल का हो गया था।

सीट किनारों से थोड़ी फट चुकी थी,

और स्टार्ट होते ही

उसके साइलेंसर से

नीला धुआँ निकलता

जो कुछ देर हवा में ऐसे ठहरता

जैसे सर्दियों में किसी फ़क़ीर की दुआ।


वे बाहर ही बैठे रहते

एक टाँग नीचे टिकाए,

और फिर अपनी भारी आवाज़ में पुकारते—


“गुड्डीऽऽ!”


उस एक आवाज़ में

इतनी अपनाईश होती थी

कि घर के भीतर तक

बर्तन चमक उठते थे।


चाईजी जल्दी से बाहर आतीं,

पापाजी हँसते हुए कहते—

“आ तरमपाल!”


और बड़े ताऊजी

उन्हें हमेशा “मामी” और “मामा” ही कहते,

जैसे रिश्ते

खून से नहीं,

बरसों साथ खाई गई रोटियों से बनते हों।


मुझे आज भी याद है—

जब गुड्डी और गोगड़ी

दसवीं में अच्छे नंबरों से पास हुई थीं,

तो घर में

रिज़ल्ट की खुशी से ज़्यादा

आगे की पढ़ाई का सन्नाटा पसरा था।


पापाजी

उसे कॉलेज में दाखिला दिलाने के पक्ष में नहीं थे।

उन दिनों

लड़कियों की पढ़ाई को लेकर

घर के बड़े लोग

अक्सर चुप्पी ओढ़ लेते थे,

जैसे बेटियों की उम्र

बहुत जल्दी चौखटों में बदल जानी चाहिए।


गुड्डी ने

धीरे से जाकर

बड़े ताऊजी को बताया था।


उस शाम

वे बहुत देर तक चुप बैठे रहे।

फिर अपनी भारी हथेली

पापाजी के कंधे पर रखकर बोले—


“मामा…

लड़कियाँ पढ़ लेंगी

तो घर छोटा नहीं होगा,

रोशनी बड़ी होगी।”


इतना ही कहा था उन्होंने।


पर उनकी आवाज़ में

बरगद की जड़ों जैसी कोई दृढ़ता थी।


और फिर

गुड्डी का दाखिला हो गया।


आज सोचता हूँ—

कई बार

घर की बेटियों की जिंदगी में

स्कूल और कॉलेज के दरवाज़े

किसी फ़रिश्ते की एक बात से खुलते हैं।

हमारे घर में वह फ़रिश्ता बड़े ताऊजी थे।

और यह उनका बड़प्पन ही था

कि जब सत्तर के शुरुआती बरसों में

चाईजी और पापाजी

लुधियाना से भंडारा आए थे,

तब घर में

मिट्टी तेल के स्टोव पर चाय बनती थी।

उस दिन भी

बड़े ताऊजी अचानक आ पहुँचे थे।

चाईजी

रसोई में चाय बनाने गईं

तो लौटने में थोड़ी देर हो गई।

उन्होंने हँसते हुए पूछा—

“मामी, आज चाय पंजाब से बनके आ रही है क्या?”

चाईजी ने संकोच से कहा—

“मिट्टी तेल का स्टोव है न… देर लग जाती है।”


बस इतना सुनना था।

वे उठे,

स्कूटर को एक तेज़ किक मारी,

और बिना कुछ बोले निकल गए।


दोपहर की धूप में

उनकी स्कूटर की आवाज़

बहुत देर तक गली में गूँजती रही—

फट्… फट्… फट्…


और कुछ देर बाद

वे लौटे—एक नया गैस सिलेंडर,

और चमचमाता गैस स्टोव लेकर।

उस दिन

चाईजी की आँखों में जो पानी चमका था,

वह सिर्फ़ खुशी नहीं थी।


वह शायद पहली बार

अपने लिए किसी के इतने बड़े दिल को देखना था।


ऐसा था उनका बड़प्पन।


इतवार

उनके बिना कभी पूरा नहीं होता था।


सुबह से ही दूसरे घर में

मटन की तैयारी शुरू हो जाती।


गोगड़ी

पुराने अख़बार पर प्याज़ फैलाकर काटती,

जोजड़ी लहसुन छीलते-छीलते

अपनी उँगलियों को सूँघती रहती,

कक्का अदरक कूटती,

मन्ना

हरी मिर्च के डंठल तोड़ती,

ताईजी मसालों की डिब्बियाँ खोलतीं,

और चच्ची

स्टील की परात में धनिया चुनती रहतीं।


फर्श पर

प्याज़ के सूखे छिलके बिखरे रहते

जैसे किसी पुराने मौसम की उतरती परतें।


फिर ऐमना की अम्मा

सिल-बट्टे के आगे बैठतीं।

उनकी हथेलियों की नसें उभरी रहतीं,

कलाई पर पसीने की छोटी-छोटी बूँदें चमकतीं,

और बट्टे की घिसटती आवाज़

पूरे आँगन में

धीमी चक्की की तरह घूमती रहती—

घर्र… घर्र…


भीगे मसाले की गंध में

लहसुन की तीखी गर्मी,

धनिए की मिट्टी,

लौंग का अँधेरा,

और लाल मिर्च की जलन

धीरे-धीरे एक साथ घुलते जाते।


उधर बड़े ताऊजी

अपने विशाल हाथों से मटन चलाते रहते।

उनकी कलाइयों में

ऐसी ताक़त थी

जैसे बरगद की जड़ों में धरती की पकड़।


कुकर से उठती भाप

उनके चेहरे पर पानी की महीन बूँदें छोड़ती,

और वे हँसते हुए

हर बच्चे को बारी-बारी से

गरम कलेजी चखाते।


पहले फूँक मारते,

फिर हथेली पर रखते—


“ले टोनी… ज़रा चख।”


कभी-कभी जल्दबाज़ी में

मैं मुँह जलाकर उछल पड़ता,

पानी ढूँढ़ता भागता,

और वे

इतनी ज़ोर से हँसते

कि लगता

पूरा बरगद पत्तों समेत हिल रहा है।


दो बड़े कुकर मटन बनता था।

पर खाने वाले

हमेशा उससे ज़्यादा होते।

हम सब बच्चे,

पड़ोसियों के बच्चे,

रिश्तेदार,

गली के दोस्त,

अचानक चले आए मेहमान—

सब उसी छाँव के हिस्सेदार थे।


आज सोचता हूँ,

बड़े ताऊजी आदमी कम

एक पूरा आसरा ज़्यादा थे।


उनकी जवानी की तस्वीरें

अब भी कुछ पुराने बक्सों में होंगी शायद।


चौड़े कंधे,

बालों में चमेली के तेल की चमक,

कमीज़ की मोड़ी हुई बाँहें,

और चेहरा—

ईश्वर गवाह है,

एकदम धर्मेंद्र पाजी जैसा।


फिर समय ने

धीरे-धीरे

उनके बरगद में दीमक उतार दी।


गर्मियों के दिन थे।


हवा में

कच्चे आमों और दवाइयों की मिली-जुली गंध तैरती थी।

दोपहरें बहुत लंबी हो गई थीं।


और पहली बार मैंने देखा

कि बड़े ताऊजी की हँसी

थोड़ी छोटी हो गई है।


वे पीछे वाले आँगन की

उसी लोहे की कुर्सी पर बैठते,

पर अब देर तक चुप रहते।


क्रीम रंग के मार्बल वाली मेज़ पर

स्टील का गिलास रखा होता,

जिस पर पानी की बूंदें उतरती रहतीं,

और दूर किसी मस्जिद से

अज़ान की आवाज़ आती रहती।


धीरे-धीरे कैंसर के दीमक ने

उस विशाल बरगद को

भीतर से खोखला करना शुरू कर दिया।

फिर एक दिन वे चले गए।

इतने चुपचाप

कि पहले-पहल यकीन ही नहीं हुआ।


उस दिन

हम सब अनाथ हो गए।


उसके बाद

दूसरे घर का आँगन

बहुत बड़ा लगने लगा।

धूप

बिना रुके भीतर 

तक चली आने लगी।

गर्म हवा के थपेड़े बिना रोक-टोक वहाँ से गुजरने लगे।


अब जब भी मैं मटन बनाता हूँ

तो रिद्धि को पुकारकर कलेजी चखाता हूँ,

और उस छाँव को महसूसता हूँ।


गर्मियों की कुछ दोपहरों में

जब हवा बिल्कुल स्थिर होती है,

मुझे लगता है—

दुनिया से

सिर्फ़ ताऊजी नहीं गए थे,

एक पूरा बरगद गायब हुआ था… 


Bade Tauji


Some people

seem like things God fashioned

in the drowsy haste of an unfinished afternoon—

as though a potter,

turning wet clay upon his wheel,

grew tired

before giving it a complete shape.


A little flesh,

a little breath,

a faint heartbeat

pressed into mud,

and then pushed toward the world—


Here,

another face added to the crowd.


But Bade Tauji


God must have made him

in some long season of leisure.


For years perhaps,

the strength of sal trees was poured into his bones,

the patient breath of the Himalayas into his chest,

the grip of labourers drawing water from deep wells into his palms,

and into his heart

the shade of a banyan tree

beneath which a weary traveler

could set down the whole burden of his sorrow.


He truly was immense.


So immense

that in childhood

I believed

if the sky ever cracked and began to fall,

 Tauji

would simply raise both his arms

and hold it back.


His laughter

was like heavy raindrops striking the leaves of a banyan in monsoon—


He laughed loudly, explosively,

and with every burst of it

even the dampness clinging to the walls of the dusra ghar trembled.


The dusra ghar


It too possessed a body of its own.


The large backyard,

iron chairs,

a small iron table topped with cream-colored marble,

upon it a maroon glass bottle shaped like Garuda’s wings,

plates filled with savoury snacks,

walls stained black with smoke,

and evenings

that came there

and slowly settled down

like old men resting beneath a banyan’s shade.


Often, just before the afternoon faded,

the sound of his old green Lambretta scooter echoed through the lane—


phat… phat… phat…


Its colour 

had become more dust than green now.


The seat was torn slightly at the edges,

and the moment it started,

blue smoke drifted from the silencer,

lingering in the air for a while

like the prayer of a fakir in winter.


He would remain seated outside,

one leg resting on the ground,

and then call out in his deep voice—


Guddiii!”


There was such affection

inside that single call

that even the utensils inside the house

seemed to shine brighter.


Chaiji would hurry out,

and Papaji, smiling, would say—


“Come, Dharampal!”


And Tauji

always called them “Mami” and “Mama,”

as though relationships

were not made of blood

but of years spent sharing bread together.


I still remember—


when Guddi and Gogdi

passed their tenth standard with high marks,

there was less joy in the house about the results

and more silence

about what would happen next.


Papaji

did not support sending them to college.


In those days,

the elders of the house

often wrapped themselves in silence

when it came to girls’ education,

as though daughters

were meant to turn into thresholds too quickly.


Guddi

quietly went and told  Tauji.


That evening

he sat silent for a very long time.


Then placing his heavy palm

upon Papaji’s shoulder,

he said—


“Mama…

if girls study,

the house will not grow smaller,

its light will grow larger.”


That was all he said.


But in his voice

there was the firmness of banyan roots.


And then

Guddi was admitted to college.


Today I think—


sometimes,

the doors of schools and colleges

open in the lives of daughters

because of a single sentence spoken by an angel.


In our house,

that angel was  Tauji.


And such was his greatness

that in the early seventies,

when Chaiji and Papaji

had come from Ludhiana to Bhandara,

tea in the house

was still made upon a kerosene stove.


That day too

 Tauji arrived unexpectedly.


Chaiji went into the kitchen

to make tea,

and took a little longer returning.


Laughing, he asked—


“Mami, is the tea coming all the way from Punjab today?”


Embarrassed, Chaiji replied—


“It’s the kerosene stove… it takes time.”


That was enough.


He rose,

gave the scooter a hard kick,

and left without another word.


In the afternoon sunlight,

the sound of his scooter

echoed through the lane for a long time—


phat… phat… phat…


And after a while

he returned

carrying a brand-new gas cylinder

and a gleaming gas stove.


The water that shimmered in Chaiji’s eyes that day

was not merely happiness.


Perhaps it was the first time

she had witnessed

a heart so large

beating for her.


Such was his greatness.


No Sunday

was complete without him.


From morning itself,

preparations for mutton began in the second house.


Gogdi

spread onions over old newspapers and chopped them,

Jojdi kept peeling garlic

and absentmindedly smelling her fingers,

Kakka crushed ginger,

Manna snapped the stalks from green chilies,

Taiji opened spice tins,

and Chachchi sat sorting coriander

inside a steel platter.


Dry onion peels

lay scattered across the floor

like layers of an old season peeling away.


Then Aimna’s Amma

sat before the grinding stone.


The veins on her palms stood out,

tiny beads of sweat glistened on her wrists,

and the scraping sound of the stone

moved through the courtyard

like the slow turning of an ancient mill—


gharrr… gharrr…


Inside the fragrance of wet spices

mingled

the sharp heat of garlic,

the earthiness of coriander,

the darkness of cloves,

and the sting of red chilies.


Meanwhile  Tauji

stirred the mutton

with his enormous hands.


There was such strength in his wrists

as though the earth itself

were gripping through the roots of a banyan.


Steam rising from the cooker

left tiny droplets upon his face,

and laughing,

he fed each child in turn

a piece of hot liver.


First he blew upon it gently,

then placed it on our palms—


“Here, Tony… taste this.”


Sometimes in impatience

I burned my mouth and jumped away,

running in search of water,

and he would laugh so loudly

that it felt

the whole banyan tree

was shaking with its leaves.


Two huge cookers of mutton were made.


But there were always

more people than food.


All of us children,

the neighbours’ children,

relatives,

friends from the lane,

unexpected guests—


all shared that shade.


Today I realize,

Bade Tauji was less a man

and more an entire shelter.


Perhaps old trunks

still hold photographs of his youth.


Broad shoulders,

hair gleaming with jasmine oil,

shirt sleeves rolled upward,

and a face—


God is witness—


exactly like Dharmendra.


Then time

slowly released termites

into his banyan.


It was summer.


The air carried

the mingled scent of raw mangoes and medicines.

Afternoons had grown unbearably long.


And for the first time,

I noticed

that  Bade Tauji’s laughter

had become smaller.


He still sat

upon the same iron chair

in the backyard,

but now he remained silent for long stretches.


On the cream-coloured marble table

stood a steel tumbler

covered in droplets of water,

while from a distant mosque

the azaan continued to drift through the evening.


Slowly,

the termites of cancer

began hollowing out

that vast banyan from within.


And then one day

he was gone.


So quietly

that at first

none of us could believe it.


That day,

all of us became orphans.


After that,

the courtyard of the second house

began to feel far too large.


Sunlight

entered without restraint.

Hot winds crossed through unhindered.


And now whenever I cook mutton,

I call Riddhi over

and feed her a piece of liver,

trying to feel that old shade again.


On certain summer afternoons,

when the air stands utterly still,

it seems to me—


it was not merely Tauji

who left this world.


An entire banyan tree

vanished.

No comments:

Post a Comment