Saturday, May 30, 2026

गुलामी Slavery Chandrashekhar B.Sharma


गुलामी 


बड़े नाल साहब मोहल्ले में,

जहाँ शाम अपनी ज़ाफ़रानी चादर

नीम की शाख़ों पर सुखाती थी,

जहाँ धूप

पुराने मकानों की दीवारों पर

यूँ ठहरी रहती थी

जैसे किसी फरिश्ते का हाथ

दुआ के दरमियान ठहर गया हो,


जहाँ अज़ान की बारीक सुनहरी डोरी

मंदिर की घंटियों के काँसे के कलश से उलझकर

शाम के करघे पर

एक ही उदास कपड़ा बुनती थी,

वहीं मैंने पहली बार जाना

कि ‘मुहब्बत’ और ‘समझ लिया जाना’

दो जुड़वा बहनें हैं—

एक ही माँ की बेटियाँ,

मगर एक-दूसरे की परछाईं नहीं।

वे साथ चलती हैं,

मगर एक-दूसरे के अंदर

कभी दाखिल नहीं होतीं।


मेरे पापाजी

एक पुराने कुएँ की तरह थे,

जिसके ऊपर

चमेली के फूल गिरते रहते थे,

और भीतर

पानी अपनी ही नीली नींद में सोता रहता था।

मैं अपने सवाल उनमें यूँ डालता

जैसे कोई बच्चा चाँदी का सिक्का

किसी मुक़द्दस पानी में फेंक दे।

बहुत देर के बाद एक आवाज़ लौटती,

मगर वह मेरी आवाज़ नहीं होती।

वह पानी की हो चुकी होती…

वह अँधेरे की हो चुकी होती!

वह उस गहराई की हो चुकी होती

जहाँ अल्फ़ाज़ अपने चेहरे खो देते हैं।

और मैं सोचता—पापाजी मुझे समझते क्यों नहीं?

फिर एक दिन

उनके हमेशा के लिए चले जाने के बाद मालूम हुआ—

वह भी अपने ही कुएँ पर झुके हुए थे,

अपनी ही गूँज की तलाश में!


हम दोनों के दरमियान रस्सियाँ थीं,

बाल्टियाँ थीं,

पानी की चमक थी,

मगर प्यास

फिर भी अपनी-अपनी थी।

चाईजी

चंदन की एक संदूक थीं,

जिसमें दुआएँ

गुलाब की सूखी पंखुड़ियों की तरह रखी थीं,

जहाँ सुई-धागों के दरमियान

बरसों की ममता

आहिस्ता-आहिस्ता अपनी ख़ुशबू छोड़ती रहती थी।

जब वह मेरे बालों पर हाथ फेरतीं,

मुझे यूँ लगता

जैसे शाम

किसी ज़ख़्मी परिंदे के पर धीरे-धीरे समेट रही हो।


मगर मेरा ग़म,

आह,

वह तो पानी के अंदर की चाँदनी था—

दिखाई देता हुआ,

मगर छुआ न जा सकने वाला।


मेरी पनाहगाह बनी मुस्लिम लाइब्रेरी

 हमेशा

किसी फ़रामोश-शुदा मस्जिद जैसी लगी।


धूप की सुनहरी गर्द

रंगीन शीशों से उतरती रोशनी की तरह

किताबों पर गिरती रहती।

हर किताब

एक मुहरबंद शीशी थी,

जिसमें किसी मरहूम शायर की रूह

अब तक सो रही हो।

मैं उन्हें खोलता,

और फ़िज़ा में बेशुमार आवाज़ें भर जातीं—

उर्दू गुलाबों की महक,

पुरानी स्याही का धुआँ,

मुहब्बतों के बुझ चुके चिराग़,

और उन सबके दरमियान

एक ऐसी ख़ामोशी

जो समंदर की तह में रखे हुए

मोती की तरह चमकती थी।


तब मुझे लगता था अल्फ़ाज़ पुल हैं।

अब मालूम है—

अल्फ़ाज़ रंगीन शीशों की खिड़कियाँ हैं।

वे रोशनी को हसीन बनाते हैं,

फ़ासला ख़त्म नहीं करते।

जैसे पुराना पांडे महल

शाम के वक़्त

किसी बेवा मलिका जैसा दिखाई देता है।

उसके झुके हुए झरोखे ,

उसकी टूटी हुई झालरें,

उसकी उखड़ी हुई दीवारें—

 बरसों से

किसी ऐसे मेहमान का इंतज़ार कर रही हों

जो कभी वापस नहीं आएगा।


उसके अंदर कितनी हँसी रही होगी।

कितने आँसू…

कितने वादे…

कितनी रातें

जो सुबह होने से पहले ही बूढ़ी हो गई होंगी!

अब वहाँ सिर्फ़ हवा चलती है।

और हवा भी यूँ चलती है

जैसे किसी पुराने खत को पढ़ रही हो।


मुझे अक्सर लगता है—हर इंसान

खंडहर हो चुका एक पांडे महल है।

उसके अंदर रोशन कमरे भी हैं,

बंद तहख़ाने भी,

दीवारों पर फीके पड़ते हुए रंग रोगन भी,

और कुछ ऐसे कमरे भी जिनकी चाबी

ख़ुद मालिक के पास नहीं।


भंडारा रोड स्टेशन पर एक शाम मैंने देखा—

दो रेलगाड़ियाँ समानांतर पटरियों पर खड़ी थीं।

उनकी खिड़कियाँ एक-दूसरे की तरफ़ थीं।

उनमें बैठे मुसाफ़िर एक-दूसरे को देख सकते थे।

मुस्कुरा सकते थे।

हाथ हिला सकते थे।

एक लम्हे के लिए यह गुमान पाल सकते थे

कि वे एक ही सफ़र पर हैं।

मगर सीटी बजी और दोनों रास्ते

दो मुख़्तलिफ़ मुक़द्दरों की तरह खुल गए!

तब मुझे महसूस हुआ रिश्ते शायद यही हैं।

दो रोशन खिड़कियाँ।

दो गुज़रती निगाहें।

दो सफ़र जो एक-दूसरे को छूते नहीं,

मगर याद रखते हैं।


बरसों तक मैं अपने अंदर

एक डाकिया लिए फिरता रहा।

हर दोस्ती में एक मुहर लगा ख़त।

हर मुहब्बत में एक इंतजार करता पैगाम।

 हर बातचीत में एक पोशीदा नक्शा!


मुझे यक़ीन था कि कहीं न कहीं

कोई ऐसा होगा जो मेरे अंदर के बाग का

आखिरी गुलाब भी देख लेगा।

जो मेरी रातों के

सबसे दूर सितारे का नाम जानता होगा।

जो मेरे ख़्वाबों के टूटे हुए शीशे

अपने हाथों में उठाकर कहेगा—

हाँ,

मैं जानता हूँ

तुम्हारे जैसा होना कैसा है।

मगर ऐसा कभी नहीं हुआ।

और आहिस्ता-आहिस्ता

मुझे समझ आया कि मेरी क़ैद तन्हाई नहीं थी।

मेरी क़ैद यह भूख थी

समझ लिए जाने की भूख!

वही भूख जो रूह के गिर्द

सोने की ज़ंजीर बनकर लिपट जाती है।

हसीन

चमकदार

और उतनी ही अटूट…

अब,

जब शाम 

बड़े नाल साहब मोहल्ले की छतों पर

बनफ़्शी गुलाबों की तरह खिलती है,

जब अज़ान और घंटियाँ

दो सफेद कबूतरों की तरह

एक ही आसमान में चक्कर लगाती हैं,

जब मुस्लिम लाइब्रेरी की खिड़कियों पर

गर्द सो जाती है,

जब पांडे महल अपने ख़्वाबों के साथ

अँधेरे में उतर जाता है,

जब आखिरी रेल अपने आतिशीं दिल के साथ

दूर निकल जाती है,

मैं उस स्त्री के साथ

नैनीताल में चिनार तले बैठता हूँ

जिससे मैं मुहब्बत करता हूँ।

हम एक-दूसरे के लिए कुएँ हैं,

आईने हैं,

रंगीन शीशों की खिड़कियाँ हैं,

और राज भी!

हम एक-दूसरे को पूरा नहीं

 जानते।

शायद कभी जान नहीं पाएँगे।

मगर अब यह कमी नहीं लगती।

यह वैसी ही हसीन लगती है

जैसे सितारों के दरमियान की तारीक जगह—

क्योंकि अगर वह अँधेरा न हो,

तो रोशनी का नक्शा भी दिखाई न दे।

Slavery


In Bade Naal Sahab Mohalla,


where evening spread its saffron shawl

upon the branches of the neem trees,


where sunlight lingered

on the walls of old houses

as though an angel's hand

had paused midway through a prayer,


where the delicate golden thread of the azaan

entangled itself with the bronze finials

of temple bells,

and upon the loom of twilight

wove a single cloth of melancholy—


it was there that I first learned


that love

and being understood


are twin sisters—


daughters of the same mother,


yet never each other's reflection.


They walk side by side,


yet never truly enter

one another's soul.


My father


was like an ancient well,


over which jasmine blossoms

fell endlessly,


while deep below,

the water slept

in its own blue dream.


I lowered my questions into him


the way a child tosses a silver coin

into sacred water.


After a long while

an answer would return,


yet it was never my voice.


It had become the voice of water.


It had become the voice of darkness.


It belonged to that depth


where words

lose their faces.


And I would wonder:


Why does Father not understand me?


Only after he had departed forever


did I realize—


he too had been bent

over the well within himself,


searching for the echo

of his own voice.


Between us


there were ropes,


there were buckets,


there was the shimmer of water,


yet the thirst


remained our own.


My mother


was a sandalwood chest,


filled with prayers


laid away like dried rose petals,


where among needles and threads


years of tenderness


slowly released their fragrance.


Whenever she stroked my hair,


it seemed


as though evening itself


were gently folding the wings

of a wounded bird.


Yet my sorrow—


ah—


was moonlight beneath water:


visible,


yet impossible to touch.


The Muslim Library,


my refuge,


always seemed to me


like a forgotten mosque.


Golden dust of sunlight


fell upon the books


like light descending through stained glass.


Every book


was a sealed vial,


within which the spirit

of a dead poet


still slept.


I opened them,


and the air filled

with innumerable voices—


the fragrance of Urdu roses,


the smoke of old ink,


the extinguished lamps

of vanished loves,


and among them all


a silence


that shone like a pearl


resting upon the floor of the sea.


Back then I believed


words were bridges.


Now I know—


words are stained-glass windows.


They make the light beautiful;


they do not erase the distance.


Like old Pandey Mahal,


which at dusk


resembles a widowed queen.


Its leaning balconies,


its broken ornamentation,


its peeling walls—


all seem to have spent decades


awaiting a guest


who will never return.


How much laughter


must once have lived there.


How many tears.


How many promises.


How many nights


that grew old


before the dawn arrived.


Now only the wind remains.


And even the wind moves


as though reading


an old forgotten letter.


Often I feel


that every human being


is a ruined Pandey Mahal.


Within are illuminated rooms,


sealed cellars,


walls whose colors fade year by year,


and chambers


whose keys


have been lost


even to their owner.


One evening at Bhandara Road Station


I saw two trains


standing upon parallel tracks.


Their windows faced one another.


The passengers could see each other.


Smile.


Wave.


For a moment


they could nurture the illusion


that they were traveling


the same journey.


Then the whistle sounded,


and the two tracks


opened toward different destinies.


And I understood:


perhaps relationships are exactly this—


two illuminated windows,


two passing glances,


two journeys


that never touch,


yet never forget.


For years


I carried a postman inside me.


In every friendship,


a sealed letter.


In every love,


a waiting message.


In every conversation,


a hidden map.


I believed


that somewhere


there must be someone


who would see

the final rose


in the garden of my heart.


Who would know the name


of the most distant star


in my nights.


Who would gather


the shattered glass of my dreams


into their hands


and say:


Yes.


I know what it feels like


to be you.


But no one ever did.


And slowly,


very slowly,


I came to understand


that my prison


was not loneliness.


My prison


was the hunger


to be understood.


That hunger


which coils around the soul


like a chain of gold—


beautiful,


radiant,


and utterly unbreakable.


Now,


when evening blossoms


like violet roses


upon the rooftops

of Bade Naal Sahab Mohalla,


when the azaan and temple bells


circle the same sky


like two white doves,


when dust falls asleep


upon the windows

of the Muslim Library,


when Pandey Mahal descends


into darkness


with all its dreams,


when the final train


departs carrying its fiery heart


into the distance,


I sit beneath the chinars of Nainital


With the woman I love.


For one another


we are wells,


mirrors,


stained-glass windows,


and mysteries.


We do not know each other completely.


Perhaps we never will.


Yet now


this no longer feels like a lack.


It feels beautiful—


like the dark spaces

between the stars.


For without that darkness,


the map of light itself


could never be seen. 

No comments:

Post a Comment