Tuesday, June 2, 2026

बाहर-भीतर Chandrashekhar B.Sharma

बाहर-भीतर


मैं उस शाम लौटा था
बड़े नाल साहब मोहल्ले में
जब सूरज

अपनी आख़िरी ज़ाफ़रानी रगें

पुराने मकानों की दीवारों में छोड़ रहा था,

और मीनार से उठती अज़ान

हवा में नहीं,

मेरे सीने के किसी भूले हुए तहख़ाने में उतर रही थी।

मुझे लगा

मैं किसी मोहल्ले में नहीं लौटा,

बल्कि अपने ही जिस्म से जला-वतन

एक पुराने मौसम की तलाश में निकला हूँ।

गोया मेरी रूह ने बरसों पहले

अपने अंदर एक शहर दफ़्न कर दिया था,

और अब वही शहर

अपनी ख़ामोश क़ब्र में

धीरे-धीरे करवट ले रहा हो।

वक़्त के बारे में लोग कहते हैं

वह गुज़र जाता है।

मगर वक़्त दरिया नहीं है।

वक़्त दीमक है।

वह बहता नहीं,

अंदर ही अंदर खाता है।

वह मकानों को नहीं बदलता,

वह उनके अंदर रखी हुई आवाज़ों को खा जाता है।

गली वही थी।

मोड़ वही था।

धूप भी तक़रीबन वही थी।

मगर उनमें बसने वाली रूहें

कब की हिजरत कर चुकी थीं।

और शायद

मैं भी।

बचपन में

यही गलियाँ मुझे ज़मीन की धमनियाँ मालूम होती थीं,

जिनमें दुनिया का सारा ख़ून दौड़ता है।

हर मोड़ के पीछे

एक नया बर्रे-आज़म छिपा रहता था।

आज वे इतने छोटे लगे

कि मेरी जेब में रखे जा सकते थे।

तब समझ आया—

फ़ासले नहीं सिकुड़ते,

हैरत सिकुड़ती है।

और जैसे ही यह ख़याल

मेरे अंदर उतरा,

अंसारी वार्ड

पुरानी किताब में दबे हुए गुलाब की तरह खुल गया।

एक ऐसी ख़ुशबू के साथ

जिसे न वक़्त मार सकता है

न मुफ़्लिसी।

उसी ख़ुशबू में

सलाम टेलर की मशीन की खट-खट घुली हुई थी।

सलाम—

अपनी मशीन पर झुका हुआ—

मुझे अब किसी दर्ज़ी की तरह नहीं,

किसी फ़क़ीर की तरह याद आता है।

उसकी उँगलियाँ कपड़े पर नहीं चलती थीं,

वे टूटे हुए दिनों की हड्डियाँ जोड़ती थीं।

उसकी सुई

लोहे की सुई नहीं थी।

वह वक़्त की बारीक चोंच थी,

जो हर फटे हुए दिन को

अगले दिन से सी देती थी।

आज भी

जब कोई पुरानी हवा

मेरी याद की खिड़की पर दस्तक देती है,

मुझे महसूस होता है

कि सलाम कहीं बैठा

मेरे बचपन के उधड़े हुए किनारे रफ़ू कर रहा है,
तुरपाई भी,

ताकि मैं मुकम्मल तौर पर बिखर न जाऊँ।

और उसकी मशीन की वही खट-खट

मुझे बड़े बाज़ार तक ले जाती है।

बड़ा बाज़ार—

जो बाज़ार कम,

मेरी याद का धड़कता हुआ दिल ज़्यादा था।

मसालों की ख़ुशबुएँ

वहाँ दुकानों में नहीं रहती थीं,

वे हवा में रंगीन परिन्दों की तरह उड़ती थीं।

तुरस्कर होटल की भाप

ठिठुरती सुबहों की पेशानी पर रखी हुई

गर्म हथेली थी।

गणेश किराना की मर्तबानों में

धनिया दाल दरकती 

और बोरियों में हर वक्त के मौसम सोते थे।

गभने की स्टेशनरी स्टोर में

स्याही नहीं,

अभी तक न लिखी गई तक़दीरें रखी थीं।

भोंगाड़े की ऊँची दुकान

मोहल्ले की बुर्ज थी,

जहाँ खड़े होकर

एक बच्चा

अपने क़द से बड़ा ख़्वाब देख सकता था।

अत्तर की महक

हवा के गले में पड़ा हुआ तावीज़ थी।

और गौरी की सब्ज़ियाँ

ऐसी लगती थीं

गोया ज़मीन ने

अपनी सारी हरियाली

एक ही टोकरी में जमा कर दी हो।

उन दुकानों के सामने बैठे बूढ़े

आज याद आते हैं

तो लगता है

वे आदमी नहीं थे,

मोहल्ले की सामूहिक अक़्ल थे।

अब बाज़ार ज़्यादा रौशन है।

इतना रौशन

कि चेहरों का अँधेरा दिखाई नहीं देता।

कोई आवाज़ नहीं आती—

“अरे, किसके लड़के हो?”

और मुझे पहली बार लगा

कि बेघर होना

हमेशा घर खोना नहीं होता।

कभी-कभी

पहचाना जाना बंद हो जाना भी

बेघर हो जाना है…


बाज़ार से आगे

मज़ार खड़ी थी।

सफ़ेद।

साकित।

ऐसे

जैसे वक़्त की पेशानी पर

किसी दरवेश का हाथ रखा हो।

बचपन में

मैं उसकी ख़ामोशी से डरता था।

आज उसी ख़ामोशी में

पनाह तलाश करता हूँ।

क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ

आदमी जवाब नहीं,

ऐसी ख़ामोशियाँ ढूँढता है

जो उसके सारे सवाल

अपने अंदर रख सकें।

मज़ार के पास

इमली का पेड़ खड़ा था।

मेरे बचपन का सबसे बड़ा शरीक-ए-जुर्म।

उसकी शाख़ें

आधे आसमान पर ऐसे फैली रहती थीं

जैसे कोई बूढ़ी माँ

अपने बच्चों के लिए

छुपने की जगह बचाकर रखती हो।

हम इमलियाँ चुराते थे।

जेबें भरते थे।

भागते थे।

और हमें लगता था

हमने दुनिया का सबसे बड़ा ख़ज़ाना लूट लिया है।

आज समझ में आता है—

हम इमलियाँ नहीं चुराते थे,

हम गुज़रते हुए वक़्त से

थोड़ी-सी खटास बचा लेना चाहते थे।

आज फल नहीं हैं।

मगर मेरी ज़बान पर

एक पुरानी दोपहर

अब भी घुल रही है।

कुछ ज़ायक़े

फलों में नहीं,

फ़ासलों में पकते हैं।

और वही खटास

मुझे यास्मीन की गली के शहतूत तक ले जाती है।

जून की धूप।

गर्द से सने पाँव।

बैंगनी उँगलियाँ।

बैंगनी होंठ।

बैंगनी हँसी।

गोया पूरा बचपन

एक ही रंग में डूब गया हो।

हम डालियाँ नीचे खींचते थे

मानो आसमान को

अपने क़द तक झुकाना चाहते हों।

तब लगता था

ऊँचा होना ही आज़ादी है।

ज़िंदगी ने बाद में बताया—

गिरना भी

आज़ादी की एक सूरत है।

फिर नसरुल्ला की दुकान आती है।

छोटी-सी।

लेकिन उसके अंदर

एक पूरी कायनात रहती थी।

शीशे के मर्तबानों में

टॉफ़ियाँ नहीं,

छोटे-छोटे सूरज रखे रहते थे।

लोग चीनी खरीदते थे,

और क़िस्से लेकर लौटते थे।

साबुन खरीदते थे,

और अपनी तन्हाई वहीं भूल आते थे।

कुछ दुकानदार

सामान नहीं बेचते,

वे इंसान को इंसान से जोड़ते हैं।

फिर डब्बू माजिद का घर।

कोई शाही इमारत नहीं।

मगर मोहल्ले की हर सिम्त

वहीं से जन्म लेती थी।

कुछ मकान

ईंटों से नहीं,

लोगों की ज़बान से बनते हैं।

और ऐसे मकान

मिट्टी के मकानों से ज़्यादा उम्र पाते हैं।

फिर हत्तीख़ाना।

जहाँ बचपन को यक़ीन था

कि किसी नज़र न आने वाले कोने में

एक हाथी अब भी साँस ले रहा होगा।

मगर वहाँ अब

शीशे का एक विराट जानवर खड़ा था।

मॉल।

वह रौशनी खाता था

और यादें हज़्म कर जाता था।

और उसी शीशे में

मुझे अपना चेहरा दिखाई दिया।

उस चेहरे के पीछे

ढोला स्कूल था।

गाँधी विद्यालय था।

चाक की उड़ती हुई गर्द थी।

टूटी हुई बेंचें थीं।

ब्लैकबोर्ड पर आधे मिटे हुए लफ़्ज़ थे।

अधूरी कॉपियाँ थीं।

मुकम्मल ख़्वाब थे।

वहीं पहली बार

हमने मुस्तक़बिल की शक्ल बनाई थी।

यह जाने बग़ैर

कि मुस्तक़बिल हमेशा

अपनी क़ीमत सूद समेत वसूलता है।

और शायद इसी वजह से

मेरे क़दम

दूसरे घर की तरफ़ मुड़ गए।

मगर वहाँ पहुँचकर

मैं उसे पहचान नहीं पाया।

क्योंकि दूसरा घर

वह इमारत कभी था ही नहीं।

वह तो उन लोगों का दिल था

जिन्होंने उसे घर बनाया था।

वह जगह

जहाँ प्यास को पानी मिलता था।

दुख को कुर्सी।

तन्हाई को चाय।

और रिश्तों को

किसी नाम की ज़रूरत नहीं पड़ती थी।

तभी मुझे समझ में आया

कि मैं सारी शाम

ग़लत जगह तलाश करता रहा।

जो कुछ मैं ढूँढ रहा था

वह न इमारतों में था,

न पेड़ों में,

न दुकानों में।

वे सब

बहुत पहले

अपना पता बदल चुके थे।

अंसारी वार्ड

मेरी धड़कनों में आ बसा था।

बड़ा बाज़ार

मेरी साँसों में।

मज़ार

मेरी ख़ामोशी में।

इमली

मेरी ज़बान पर।

शहतूत

मेरी आँखों में।

नसरुल्ला

मेरे क़िस्सों में।

और दूसरा घर

मेरी रूह के उस हिस्से में

जहाँ अब भी मेहरबानी ज़िन्दा है।

शाम गहरी होती गई।

अज़ान फिर गूँजी।

इस बार मीनार से नहीं।

मेरे अंदर से।

और तब मुझे मालूम हुआ—

इंसान अपने मोहल्ले कभी नहीं खोता।

मोहल्ले आहिस्ता-आहिस्ता

उसकी रूह में हिजरत कर जाते हैं।

फिर एक दिन

जब सब कुछ बदल चुका होता है,

वे अंदर बैठे हुए

बहुत आहिस्ता से कहते हैं—

'हम कहीं नहीं गए थे।

तुम ही

वक़्त की भीड़ में

हमसे बिछड़ गए थे। '


................................................


I returned that evening

to Bade Naal Sahab Mohalla,

when the sun


was leaving its last saffron veins


inside the walls of old houses,


and the call to prayer rising from the minaret


was descending not into the air,


but into some forgotten cellar of my chest.


It felt


as though I had not returned to a neighbourhood at all,


but had set out, exiled from my own body,


in search of an old season.


As if my soul,


years ago,


had buried an entire city within itself,


and now that city,


inside its silent grave,


was slowly turning in its sleep.


People say


that time passes.


But time is not a river.


Time is a termite.


It does not flow;


it eats from within.


It does not change houses;


it devours the voices stored inside them.


The lane was the same.


The bend was the same.


Even the sunlight was nearly the same.


But the souls that once inhabited them


had long since migrated.


And perhaps


so had I.


As a child,


these lanes seemed to me


the arteries of the earth,


through which all the blood of the world was running.


Behind every turn


another continent lay hidden.


Today they seemed so small


they could fit inside my pocket.


And then I understood—


it is not distances that shrink;


it is wonder.


And as that thought


settled inside me,


Ansari Ward


opened like a rose pressed between the pages of an old book,


with a fragrance


that neither time


nor poverty can kill.


In that fragrance


was woven the clatter of Salam Tailor's sewing machine.


Salam—


bent over his machine—


returns to me now


not as a tailor,


but as a dervish.


His fingers did not move across cloth;


they mended the broken bones of days.


His needle


was not a needle of steel.


It was time's delicate beak,


stitching each torn day


to the day that followed.


Even now,


whenever an old breeze


knocks upon the window of memory,


I feel


that Salam is still sitting somewhere,


darning the frayed edges of my childhood,


hemming them too,


so that I may not fall completely apart.


And the same clatter of his machine


leads me into the Bada Bazaar.


The Bada Bazaar—


less a marketplace


than the beating heart of my memory.


The aromas of spices


did not live in shops there;


they flew through the air


like brightly colored birds.


The steam from Turaskar Hotel


was a warm palm


resting upon the forehead of cold mornings.


In Ganesh Kirana's jars,


coriander lentils crackled,


and in the sacks


all seasons slept.


In Gabhane's stationery store,


there was not ink,


but destinies yet unwritten.


Bhongade's tall shop


was the neighbourhood's watchtower,


from where a child


could dream dreams larger than his height.


The fragrance of attar


was an amulet


hanging around the neck of the wind.


And Gauri's vegetables


looked as though


the earth had gathered


all its greenness


into a single basket.


The old men sitting before those shops


return to me now,


and it seems


they were not merely men—


they were the collective wisdom of the neighbourhood.


Today the bazaar is brighter.


So bright


that the darkness in people's faces can no longer be seen.


No voice calls out,


"Whose son are you?"


And for the first time I understood


that homelessness


is not always the loss of a house.


Sometimes


it is simply the loss of being recognized.


Beyond the bazaar


stood the shrine.


White.


Still.


As though


a dervish had placed his hand


upon the forehead of time itself.


As a child,


I feared its silence.


Today,


I seek refuge within it.


For as one grows older,


one searches not for answers,


but for silences


capable of holding all one's questions.


Beside the shrine


stood the tamarind tree—


the greatest accomplice of my childhood.


Its branches


spread across half the sky


like an old mother


saving a hiding place


for her children.


We stole tamarinds.


Filled our pockets.


Ran away.


And believed


we had looted the greatest treasure on earth.


Now I understand—


we were not stealing tamarinds.


We were trying to save


a little tartness


from passing time.


The fruit is gone now.


Yet upon my tongue


an old afternoon


is still dissolving.


Some flavours 


ripen not in fruit,


but in distance.


And that same tartness


leads me to the mulberry tree


in Yasmeen's lane.


June sunlight.


Dust-covered feet.


Purple fingers.


Purple lips.


Purple laughter.


As though all of childhood


had been dipped into a single colour.


We pulled branches downward


as if we wanted


to bend the sky


to our own height.


Back then,


it seemed that growing taller


was freedom.


Life later taught me—


falling, too,


is a form of freedom.


Then came Nasrullah's shop.


Tiny.


Yet within it


an entire universe lived.


Inside glass jars


were not candies,


but little suns.


People bought sugar,


and returned carrying stories.


They bought soap,


and left their loneliness behind.


Some shopkeepers


do not sell goods;


they connect one human being to another.


Then came Dabbu Majid's house.


No palace.


Yet every direction in the neighbourhood


seemed to begin there.


Some houses


are not built of bricks,


but of people's tongues and memories.


And such houses


outlive those made of earth.


Then the Hatthikhana.


Where childhood firmly believed


that somewhere,


in some unseen corner,


an elephant was still breathing.


But now


a vast creature of glass stood there.


A mall.


It fed upon light


and digested memories.


And in that glass


I saw my own face.


Behind that face


stood Dhola School.


Gandhi Vidyalaya.


Clouds of flying chalk dust.


Broken benches.


Half-erased words upon blackboards.


Incomplete notebooks.


Complete dreams.


There,


for the first time,


we sketched the face of the future,


without knowing


that the future always collects its price


with interest.


And perhaps for that reason,


my feet


turned toward the Dusra ghar.


But when I arrived,


I could not recognize it.


Because the Dusra ghar


had never been that building.


It had always been


the hearts of those


who made it a home.


A place


where thirst found water,


sorrow found a chair,


loneliness found tea,


and relationships


required no names.


Only then did I understand


that all evening


I had been searching in the wrong places.


What I was looking for


was neither in buildings,


nor in trees,


nor in shops.


They had all


changed their address


long ago.


Ansari Ward


had settled into my heartbeat.


The Bada Bazaar


into my breath.


The shrine


into my silence.


The tamarind


onto my tongue.


The mulberries


into my eyes.


Nasrullah


into my stories.


And the Dusra ghar 


into that part of my soul


where kindness still survives.


The evening deepened.


The call to prayer rose again.


This time


not from the minaret,


but from within me.


And then I understood—


a person never truly loses a neighbourhood.


Neighbourhood migrate,


slowly,


into the soul.


And one day,


when everything has changed,


they sit there within us


and whisper gently:


We never went anywhere.


It was you


who got lost


in the crowd of time.

No comments:

Post a Comment