Friday, June 19, 2026

मरम्मत Repair Chandrashekhar B.Sharma

 मरम्मत 


सुबह


दफ़्तर की मेज़ पर


एक काग़ज़ रखा नहीं गया—


वह उतरा,


जैसे किसी अदृश्य सितारे की टूटी हुई हड्डी


आसमान से गिरकर


फ़र्श पर आ लगी हो।


उस पर लिखा था—


कि संस्थान की कुछ मशीनें


बीमार हैं।


कुछ लैपटॉप


अपनी ही यादों के दलदल में धँसे हुए हैं।


कुछ कंप्यूटर


सोच के बीचोंबीच


पत्थर हो चुके हैं।


कुछ प्रिंटर


अक्षरों की कोख से


शब्दों को जन्म देते-देते


बाँझ हो गए हैं।


और कुछ सर्वर


रातों की जाग में


ऐसे भटक गए हैं


जैसे नींद का आख़िरी हिरन


जंगल छोड़कर कहीं और चला गया हो।


औज़ार निकाले गए।


पेच खोले गए।


मशीनों के सीने खोले गए।


और तब मालूम हुआ—


हर मशीन के भीतर


एक छोटी-सी दुनिया रहती है।


मदरबोर्ड


दरअसल


किसी खोए हुए महाद्वीप का नक़्शा था,


जहाँ कभी विवेक के शहर बसते थे,


तर्क की नदियाँ बहती थीं,


फ़ैसलों के पेड़ फलते थे।


अब वहाँ


राख थी।


और राख के नीचे


बिजली की जली हुई हड्डियाँ।


हार्ड डिस्क


कुएँ नहीं थीं—


वे वक़्त के तहख़ाने थे।


उनकी तहों में


बरसों के दिन


जीवाश्म बनकर पड़े थे।


पुरानी फ़ाइलें


सूखे कमलों की तरह


स्मृति की गाद में दबी थीं।


भेजे न गए ख़त,


दबे हुए ग़ुस्से,


अनकहे प्रेम,


रद्द कर दी गई महत्वाकांक्षाएँ—


सब अँधेरे पानी में


मरी हुई मछलियों की आँखों की तरह


तैर रहे थे।


मगर उसी वक़्त


कमरे में बैठे चेहरों पर


एक दूसरी रोशनी पड़ी।


और अचानक


मशीनों और इंसानों के बीच की रेखा


धुँधली होने लगी।


कुछ चेहरों में


चापलूसी


बेल की तरह नहीं,


धुएँ की तरह पल रही थी।


वह धुआँ


हर ताक़तवर आकृति से लिपट जाता,


और धीरे-धीरे


उसे उसकी अपनी शक्ल से बेगाना कर देता।


कुछ रूहों में


हसद


काले पानी का कुआँ था।


जितनी बार


किसी और की ख़ुशी उसमें झाँकती,


उतनी ही बार


उसकी गहराइयों से


एक नया अँधेरा बाहर आता।


कुछ लोगों के भीतर


महत्त्वाकांक्षा


परिंदे की तरह नहीं उड़ती थी।


वह तो


एक काला सूरज थी—


जो ख़ुद रोशनी पैदा नहीं करता,


सिर्फ़ दूसरों की रोशनियाँ निगलता है।


कुछ ज़मीर


पुरानी घड़ियों की तरह थे।


घंटियाँ अब भी बजती थीं,


मगर वक़्त


बरसों पहले मर चुका था।


सुइयाँ


एक ही अंक पर अटकी थीं—


"मैं"


"मैं"


"मैं"


और वह "मैं"


धीरे-धीरे


इतना फैल चुका था


कि भीतर का पूरा आसमान खा गया था।


ऐसा लगता था


जैसे हर इंसान


अपने भीतर


एक अदृश्य डेटा-सेंटर लिए फिर रहा हो।


जहाँ


डर सर्वर बनकर बैठा है,


अहम् फ़ायरवॉल बनकर,


लालच वायरस बनकर,


और आत्म-छल


ताले और पासवर्ड बनकर।


सच भीतर मौजूद है,


मगर उसका रास्ता


बरसों पहले भुला दिया गया है।


फिर एक अजीब ख़याल उभरा—


मशीनें आख़िर टूटती क्यों हैं?


वक़्त


उनकी धातु खा जाता है।


धूल


उनकी नसों में जम जाती है।


बिजली


उनकी यादों को झुलसा देती है।


मगर इंसान?


इंसान को वक़्त नहीं तोड़ता।


इंसान को


उसकी अपनी गढ़ी हुई कहानियाँ तोड़ती हैं।


वह अपने भ्रमों को


बच्चों की तरह पालता है।


अपने दुःखों को


विरासत की तरह सँभालकर रखता है।


अपने घावों पर


इतनी बार फूल चढ़ाता है


कि वे कब्रें बन जाते हैं।


और फिर


उन्हीं कब्रों की तीर्थयात्रा करता रहता है।


शायद


लालच कोई इच्छा नहीं।


वह रूह में उगता हुआ


काला मूँगे का जंगल है,


जहाँ हर शाख़


किसी और की धूप,


किसी और की रोटी,


किसी और की कुर्सी


निगल लेना चाहती है।


शायद


भ्रष्टाचार कोई जुर्म नहीं।


वह सामूहिक आत्मा का कैंसर है,


जो पहले अर्थों को खाता है,


फिर शब्दों को,


फिर चेहरों को,


और आख़िर में


दर्पणों को भी।


शायद


चापलूसी कोई आदत नहीं।


वह पहचान का दिवालियापन है—


जहाँ आत्मा


अपनी मुद्रा खो देती है,


और दूसरों की स्वीकृति के सिक्कों पर


जीने लगती है।


मशीनें दुरुस्त हो गईं।


उनकी रगों में


बिजली फिर से


नीले हिरनों की तरह दौड़ने लगी।


स्क्रीनों पर


रोशनी ऐसे लौटी


जैसे जमी हुई झीलों में


बरसों बाद


पहला पानी उतरता है।


प्रिंटरों ने


स्याही के परिंदे उड़ाए।


सर्वरों ने


धड़कना शुरू किया।


नेटवर्क जाग उठा।


रिपोर्ट में लिखा जा सकता था—


"सभी प्रणालियाँ सामान्य हैं।"


लेकिन रिपोर्टों की पहुँच


रूहों तक नहीं होती।


क्योंकि उसी घड़ी


एक दूसरी इमारत दिखाई दी।


वह ईंट-पत्थर की नहीं थी।


वह भीतर बनी हुई थी।


उसके गलियारे


पछतावों से बने थे।


उसकी खिड़कियाँ


अधूरी ख़्वाहिशों से।


उसकी दीवारों पर


टूटे हुए भरोसों की सीलन थी।


और उसके तहख़ानों में


बचपन,


घुटनों में सिर दिए,


अब भी रो रहा था।


वहाँ


हज़ारों रूहें थीं।


कुछ अपने ही मुखौटों में क़ैद।


कुछ अपनी ही कामयाबियों के मलबे में दबी हुई।


कुछ अपनी ही प्रतिध्वनियों के जंगल में


रास्ता भूल चुकी।


कुछ अपने ही बनाए हुए आईनों की भूलभुलैया में


अपना असली चेहरा तलाशती हुई।


और तब समझ में आया—


धरती का सबसे जटिल यंत्र


कंप्यूटर नहीं है।


इंसान भी नहीं।


सबसे जटिल यंत्र


वह अदृश्य कारख़ाना है


जहाँ स्मृति,


भय,


इच्छा,


अहम्,


और स्वप्न


मिलकर


एक "स्व" गढ़ते हैं।


और जब उस "स्व" की मशीनरी टूटती है,


तो कोई पेचकस काम नहीं आता।


कोई इंजीनियर नहीं आता।


कोई स्पेयर-पार्ट नहीं मिलता।


सिर्फ़ एक लंबी सर्दी उतरती है।


इतनी लंबी


कि कई बार


पूरा जीवन


उसकी बर्फ़ में दब जाता है।


उस रात


पूरा संस्थान रोशन था।


नेटवर्क जाग रहा था।


डेटा नदियों की तरह बह रहा था।


सर्वर धड़क रहे थे।


मगर काइनात की किसी गहरी,


अदृश्य स्क्रीन पर


अब भी एक संदेश टिमटिमा रहा था—


जैसे किसी बहुत पुराने तारे की


आख़िरी बची हुई रोशनी—


"रूह से संपर्क अभी तक स्थापित नहीं हो सका..."



 Repair


Morning.


A sheet of paper was not placed upon the desk.


It descended—


as though a broken bone


from some invisible star


had fallen out of the sky


and struck the floor.


Upon it was written:


that several machines in the institute


were ill.


Some laptops


had sunk into the marshes


of their own memories.


Some computers,


midway through thought,


had turned to stone.


Some printers,


after delivering words


from the womb of letters for too long,


had become barren.


And some servers,


lost in nights of wakefulness,


wandered like creatures abandoned


by the last deer of sleep.


Tools were gathered.


Screws were loosened.


The chests of machines were opened.


And then it became clear—


inside every machine


lived a small civilization.


The motherboard


was not a motherboard at all.


It was the map


of a lost continent,


where cities of judgment once flourished,


where rivers of reason flowed,


where trees of decision


bore their fruit.


Now there was only ash.


And beneath the ash,


the charred bones of electricity.


The hard drives


were not hard drives.


They were catacombs of time.


In their layers


entire years had fossilized.


Old files lay buried


like dried lotuses


in the silt of memory.


Unsent letters.


Suppressed angers.


Unspoken loves.


Abandoned ambitions.


All floated in dark waters


like the eyes of dead fish.


But then


another light


fell across the faces in the room.


And suddenly,


the border between machines


and human beings


began to blur.


In some faces,


flattery grew


not like a vine,


but like smoke.


It wrapped itself


around every powerful figure,


slowly estranging them


from the shape of their own soul.


In some spirits,


envy was a well


filled with black water.


Each time


someone else's happiness


leaned over its edge,


another darkness


rose from the depths.


Inside certain people,


ambition did not fly


like a bird.


It was a black sun—


a star that produced no light of its own,


feeding instead


on the radiance of others.


Some consciences


resembled ancient clocks.


The bells still rang,


but time itself


had died years ago.


The hands remained fixed


upon a single numeral:


I


I


I


And that "I"


had expanded so vastly


that it had devoured


the entire inner sky.


It seemed


that every person


carried within


an invisible data center.


Where fear sat


as the server.


Ego stood guard


as the firewall.


Greed spread


as a virus.


And self-deception


became lock and password.


Truth still existed within.


But the path toward it


had long been forgotten.


Then another thought emerged.


Why do machines break?


Time corrodes their metal.


Dust clogs their veins.


Electricity scorches their memories.


But human beings?


Human beings are not broken by time.


They are broken


by the stories


they tell themselves.


They raise their illusions


like children.


They preserve their sorrows


as family heirlooms.


They place flowers


upon their wounds


so many times


that the wounds become tombs.


And then they spend their lives


making pilgrimages


to those tombs.


Perhaps greed


is not a desire.


Perhaps it is a black coral forest


growing inside the soul,


where every branch longs


to consume


someone else's sunlight,


someone else's bread,


someone else's chair.


Perhaps corruption


is not merely a crime.


It is a cancer


of the collective spirit—


feeding first upon meanings,


then upon words,


then upon faces,


and finally


upon mirrors themselves.


Perhaps flattery


is not merely a habit.


It is bankruptcy of identity—


a condition in which the soul


loses its own currency


and survives


on coins of approval


minted by others.


The machines were repaired.


Electricity once again


ran through their veins


like blue deer.


Light returned to the screens


as water returns


to frozen lakes


after years of winter.


Printers released


their birds of ink.


Servers resumed


their pulse.


The network awakened.


A report could now declare:


"All systems normal."


But reports


do not reach the soul.


For at that same moment


another building became visible.


It was not made


of brick or stone.


It existed within.


Its corridors


were built of regrets.


Its windows


from unfinished desires.


Its walls


were damp with broken trust.


And in its basements,


childhood sat


with its head upon its knees,


still weeping.


There were thousands of souls there.


Some imprisoned


inside their own masks.


Some buried


beneath the rubble


of their own success.


Some lost


in forests of their own echoes.


Some wandering



through labyrinths of mirrors,


searching


for their original face.


And then it became clear:


the most complex machine


on earth


is not the computer.


Nor even the human being.


The most complex machine


is that invisible workshop


where memory,


fear,


desire,


ego,


and dream


collaborate


to manufacture a self.


And when the machinery


of that self collapses,


no screwdriver is sufficient.


No engineer arrives.


No spare part exists.


Only a long winter descends—


so long


that an entire life


may disappear beneath its snow.


That night,


the institute was radiant.


The network remained awake.


Data flowed


like rivers.


Servers continued to pulse.


Yet somewhere


upon a deep and invisible screen


of the universe,


a message still flickered—


like the final surviving light


of a very ancient star:


Connection to the soul could not be established.

No comments:

Post a Comment