Friday, June 5, 2026

सोडे वाली नानी The Soda-Water Grandmother Chandrashekhar B.Sharma


सोडे वाली नानी


अंसारी वार्ड की मिट्टी में

नमक था।


बरसात के बाद

दीवारों के पपड़ियाए हुए घुटनों पर

सफ़ेद दाने उभर आते,


जैसे ज़मीन ने अपनी नसों में दबे

पुराने ज़माने के ख़त

धीरे-धीरे ऊपर धकेल दिए हों।


हम किराएदार भी थे, पड़ोसी भी।


हमारे और उनके घर के दरमियान


बस उतनी ही दूरी थी


जितनी एक धड़कन और दूसरी धड़कन के बीच,


या उतनी


जितनी एक ख़ौफ़ और उसके नाम के बीच होती है।


मैं तब छह या सात बरस का था।


उस उम्र में


दुनिया लोगों से नहीं बनती।


वह चीज़ों के हाथों लिखी जाती है—


दरवाज़े,


जो अपने कब्ज़ों में शामों की कराहें छुपाए रहते हैं;


खिड़कियाँ,


जो अँधेरे को मोड़कर घर के भीतर रख देती हैं;


पेड़,


जो अपनी शाख़ों पर मौसमों की लाश ढोते हैं;


और आवाज़ें,


जो हवा में नहीं,


बच्चों की हड्डियों में घर बनाती हैं।




उनके घर के पीछे


सोडे की फ़ैक्ट्री थी।


सुबह होते ही


काँच की बोतलें


एक-दूसरे से टकरातीं।


छन्न...


छन्न...


छन्न...


जैसे बर्फ़ के छोटे-छोटे गिरजाघर


आपस में सिर टकरा रहे हों।


लोहे की मशीनें


अपने काले जबड़ों में


दिन को चबाती रहतीं।


गैस की फुफकार उठती,


और मुझे लगता,


किसी अदृश्य अजगर ने


अपनी पारदर्शी केंचुल


सैकड़ों शीशे के पिंजरों में छोड़ दी है।


बोतलों के भीतर फँसे कंचे


मुझे हमेशा आँखें लगते थे।


सब्ज़।


चौकन्नी।


बिना पलक झपकाए।


जैसे किसी पुराने जिन्न की औलाद


शीशे में क़ैद कर दी गई हो।


अब समझता हूँ—


वे कंचे नहीं थे।


वे उस घर की जागती हुई पुतलियाँ थीं,


जो हर वक़्त


अपने ही मुक़द्दमे की निगरानी कर रही थीं।



उसी फ़ैक्ट्री ने


एक हाथ खा लिया था।


नानी के शौहर का हाथ।


लोग कहते थे,


मशीन ने निगल लिया।


मगर बचपन में


मुझे हमेशा लगता,


मशीनें भूखी नहीं होतीं,


घरों के भीतर रहने वाली कुछ और ताक़तें भूखी होती हैं।


वह आदमी


बहुत गोरा था।


इतना गोरा


कि धूप में खड़ा हो तो लगता,


चूने की दीवार ने अपना साया उतारकर


इंसानी शक्ल अख़्तियार कर ली है।


उसकी खाली आस्तीन


हवा में यूँ डोलती


जैसे किसी गुमशुदा परिन्दे की रूह


अब भी अपने कटे हुए पर तलाश रही हो।


वह दिन-भर


कंचे भरता,


बोतलें उठाता,


लकड़ी के खोखे सरकाता,


और ख़ामोश रहता।


इतना ख़ामोश


कि उसकी ख़ामोशी भी


एक अलग कमरा लगती।


मैंने कभी उसे ऊँची आवाज़ में बोलते नहीं सुना।


कभी किसी बात का विरोध करते नहीं देखा।


कभी किसी फ़ैसले पर अपनी मुहर लगाते नहीं देखा।


जैसे उसकी ज़िंदगी


उसके अपने हाथ से नहीं,


किसी और के हाथ से लिखी जा रही हो।


अब सोचता हूँ,


फ़ैक्ट्री की मशीन ने उसका हाथ छीना था,


मगर उसकी ज़बान


बरसों पहले


बरामदे में बैठी एक और मशीन निगल चुकी थी।


और वह मशीन


सोडे की नहीं थी।


वह नानी थीं।




उनका बेटा भी वहीं था।


पूरा जवान।


दो हाथ।


दो पैर।


मज़बूत कंधे।


मगर नानी के सामने


वह भी अधूरा आदमी लगता।


जैसे बाप से हाथ गया था,


वैसे बेटे से आवाज़।


मैंने उसे कभी


अपनी माँ की आँखों में आँखें डालकर बोलते नहीं देखा।


उसकी गर्दन


हमेशा थोड़ी झुकी रहती।


जैसे अदृश्य रस्सी से बँधी हो।


नानी की आवाज़ उठती


और उसकी आँखों में


एक-एक करके खिड़कियाँ बंद होने लगतीं।


वह मुझे हमेशा


अपने ही साये का मुलाज़िम लगता था।


एक ऐसा आदमी


जिसके होंठ सलामत थे,


मगर शब्द नहीं।


जिसके पास पूरा जिस्म था,


मगर इरादा नहीं।


आज पीछे मुड़कर देखता हूँ


तो लगता है,


उस घर में दो आदमी रहते थे—


एक का हाथ नहीं था,


दूसरे की आवाज़ नहीं थी।


और दोनों की ख़ामोशी


आख़िरकार


एक ही औरत की जागीर थी।



और बरामदे में


सोडे वाली नानी बैठी होती थीं।


नहीं।


बैठती नहीं थीं।


वहाँ जमी रहती थीं।


जैसे किसी पुराने मज़ार की सीढ़ी में


एक पत्थर सदियों से जड़ा हो।


उनकी साड़ी


अपने भीतर हल्दी की धूप,


रसोई के धुएँ,


बासी फ़ैसलों,


और अनकहे हुक्मों की गंध सँजोए रहती।


उनका पल्लू


कंधे पर यूँ पड़ा होता


जैसे कोई बूढ़ा अजगर


अपनी आख़िरी नींद में लिपटा हो।


कमर में चाभियों का गुच्छा।


वे चाभियाँ


कमरों की नहीं लगती थीं।


मुझे लगता,


उनसे लोगों के गले खुलते और बंद होते होंगे।


उनका बड़ा चश्मा—


मोटे शीशों वाला।


इतना मोटा


कि उसके पीछे की आँखें


आँखें नहीं,


दो छोटे ग्रहण लगतीं।


जब धूप उन शीशों से टकराती,


तो बरामदे में


एक ऐसी रौशनी फैलती


जिसमें गर्मी नहीं होती थी।


गोया सूरज ने


अपना ख़ून खो दिया हो।


उनकी निगाह


कभी-कभी मुझे


ऐसी लगती


जैसे किसी सूखे कुएँ के तल पर


दो ठंडे सिक्के चमक रहे हों।




चाईजी कहा करती थीं—


“उसकी नज़र अच्छी नहीं।


टट्टे-टूने करती है।”


मैं जादू-टोना नहीं समझता था।


मगर इतना जानता था


कि जब वह मुझे देखती,


तो मेरे खिलौनों की हँसी कम हो जाती।


गेंद थोड़ी भारी लगती।


पतंग थोड़ी नीचे उड़ती।


और शाम


अपने रंगों में से


एक रंग कम कर देती।




पिछवाड़े में


एक नींबू का दरख़्त था।


फल इतने आते


कि शाख़ें झुक जातीं।


गर्मियों में


पीले नींबू


पत्तों के बीच यूँ चमकते


जैसे किसी फ़क़ीर ने


हरे आसमान में


छोटे-छोटे सूरज टाँक दिए हों।


रात को


वही नींबू


पेड़ पर लटके हुए चाँद लगते।


मगर मुझे हमेशा लगता


वह दरख़्त मुस्कुराता कम,


बोझ ज़्यादा उठाता है।


गोया उसे मालूम हो


कि उसकी जड़ों के आसपास


कोई पुराना ग़म दफ़्न है।




जैसे इरफ़ाना।


पहली बहू की बेटी।


उसकी टाँगों में


धीरे-धीरे सर्दियाँ भर गई थीं।


जैसे किसी ने


उसकी नसों में बहते पानी की जगह


बर्फ़ की महीन राख भर दी हो।


वह मिट्टी में उँगली घुमाती रहती।


दायरा।


फिर दायरा।


फिर एक और दायरा।


जैसे धरती के सीने पर


बार-बार दरवाज़े बना रही हो।


अब लगता है


वह खेल नहीं रही थी।


वह अपने लिए


एक दूसरी दुनिया की सुरंग खोद रही थी।



हर जुमेरात


रिक्शा आता।


उसे दरगाह ले जाया जाता।


धूल,


दम किया हुआ पानी,


तावीज़,


अगरबत्ती का धुआँ,


फूँकी हुई दुआएँ—


सब उसके चारों ओर


ऐसे मँडराते


जैसे घायल चिड़िया के ऊपर


बेबस फ़रिश्ते।


मगर डॉक्टर कभी नहीं आया।


बीमारी


उसके जिस्म में


धीरे-धीरे अपनी जड़ें उतारती रही।


जैसे कोई सर्द पेड़


उल्टा उग रहा हो।



नानी की कमची


लकड़ी नहीं थी।


वह घर की दूसरी ज़बान थी।


जब हवा को चीरती


तो लगता


किसी अदृश्य दर्ज़ी ने


ख़ामोशी का कपड़ा काट दिया हो।


जब हथेली पर उतरती,


लाल लकीर छोड़ जाती।


जैसे चमड़ी के नीचे सोई बिजली


अचानक जाग उठी हो।


उसकी सिसकारी


मेरे बचपन के आसमान में


लम्बे समय तक उड़ती रहती,


जैसे कोई काला बगुला


अपने पंखों से धूप नोच रहा हो।



पहली बहू


घर में धूप की तरह आई थी।


उसके हाथों की मेहँदी


अभी पूरी तरह सूखी भी नहीं थी।


मगर धीरे-धीरे


उसकी हँसी से रंग झड़ने लगे।


उसकी आवाज़ से परिन्दे उड़ गए।


उसकी आँखों की खिड़कियाँ बंद होने लगीं।


फिर एक दिन


वह चली गई।


तलाक़।


उस वक़्त मैं यह लफ़्ज़ नहीं जानता था।


मगर मुझे याद है—


उसके जाने के बाद


घर में एक अजीब खालीपन बचा था,


जैसे किसी ने दीवार से तस्वीर उतार ली हो


और उसका फीका निशान रह गया हो।


बच्चे रह गए।


इरफ़ाना रह गई।


माँ चली गई।


और नानी


घर की चौखट पर


वैसे ही बैठी रहीं,


जैसे कोई क़ाज़ी


अपने ही फ़ैसले की रखवाली कर रहा हो।



फिर दूसरी बहू आई।


कुछ दिन


रसोई की आवाज़ बदली।


बर्तनों की खनक में


थोड़ी उम्मीद सुनाई दी।


फिर वही हुआ।


उसकी बाँहों पर


नीले निशान उग आए।


जैसे रात


अपने अँगूठों के निशान छोड़ गई हो।


उसकी आँखों में


नींद नहीं,


थकान का धुआँ बसता था।



और नानी?


वह बरामदे में बैठी रहीं।


वैसी ही।


जैसे मौसम आते हैं,


मौसम चले जाते हैं,


मगर कुछ पहाड़


अपनी जगह से नहीं हिलते।


या जैसे ग्रहण


सूरज के हट जाने के बाद भी


आँखों के भीतर बना रहता है।




फिर एक दिन


इरफ़ाना मर गई।


इतनी ख़ामोशी से


जैसे पानी के भीतर रखा हुआ चिराग़


बिना आवाज़ बुझ जाए।


उस सुबह


नींबू का दरख़्त वहीं था।


कौए शाख़ों पर बैठे थे।


फ़ैक्ट्री से बोतलों की आवाज़ आ रही थी।


छन्न...


छन्न...


छन्न...


दुनिया


अपना काम करती रही।


जैसे मौत


उसकी रोज़मर्रा की किताब का


सिर्फ़ एक मामूली हाशिया हो।



अब इतने बरस बाद,


जब कहीं सोडे की बोतल खुलती है,


और कंचा


शीशे से टकराकर कहता है—


छन्न...


तो मेरे भीतर


अंसारी वार्ड का वह घर फिर खुल जाता है।


वहाँ नींबू का दरख़्त है।


एक खाली आस्तीन है।


एक झुकी हुई गर्दन है।


मिट्टी में दायरे बनाती इरफ़ाना है।


कमची की हवा चीरती आवाज़ है।


और बरामदे में


अपने मोटे चश्मे के पीछे


सोडे वाली नानी—


जो अब एक औरत नहीं लगतीं,


बल्कि एक पुराना ग्रहण लगती हैं,


जिसकी छाया


सूरज के गुज़र जाने के बाद भी


बच्चों की हड्डियों में बनी रहती है,


और जिसकी ठंडक


पीढ़ियों तक


आवाज़ों को पत्थर में बदलती रहती है।


The Soda-Water Grandmother


There was salt

in the soil of Ansari Ward.


After the rains,


white grains would surface


on the scabbed knees of the walls,


as though the earth had slowly pushed upward


old letters


buried deep inside its veins.


We were tenants,


and neighbours too.


Between our house and theirs


lay only the distance


between one heartbeat and another,


or perhaps


the distance between fear


and its name.


I was six or seven years old then.


At that age,


the world is not made of people.


It is written by things—


doors


that hide the groans of evenings


inside their hinges;


windows


that fold darkness


and store it indoors;


trees


that carry the corpses of seasons


upon their branches;


and sounds,


which do not live in air


but build their homes


inside the bones of children.




Behind their house


stood a soda-water factory.


Every morning,


glass bottles knocked against one another.


Clink...


Clink...


Clink...


Like tiny cathedrals of ice


striking their heads together.


Iron machines


chewed through the day


with black jaws.


Gas hissed upward,


and I imagined


an invisible python


shedding its transparent skin


into hundreds of glass cages.


The marbles trapped in the bottles


always looked like eyes to me.


Green.


Alert.


Unblinking.


Like the offspring of some ancient djinn


imprisoned behind glass.


Now I understand—


they were not marbles.


They were the waking pupils of that house,


watching,


unceasingly,


the proceedings of their own trial.



That same factory


had eaten a hand.


The hand of Grandmother's husband.


People said


the machine had swallowed it.


But even as a child


I felt that machines were never truly hungry.


Something else living inside houses


was hungry.


The man was very fair.


So fair


that in sunlight


it seemed a whitewashed wall


had stepped out of itself


and taken human form.


His empty sleeve


swayed in the wind


like the spirit of a lost bird


still searching


for its severed wing.


All day long


he filled marbles,


lifted bottles,


dragged wooden crates,


and remained silent.


So silent


that his silence itself


seemed like a separate room.


I never heard him raise his voice.


Never saw him oppose anything.


Never saw him place his own seal


upon a decision.


As though his life


were being written


by someone else's hand.


Now I think


the factory machine had taken his hand,


but his tongue


had long before been swallowed


by another machine


sitting on the veranda.


And that machine


was not made of iron.


It was Grandmother.





Her son lived there too.


A grown man.


Two hands.


Two legs.


Strong shoulders.


Yet before his mother


he seemed incomplete.


As if the father had lost a hand,


and the son had lost his voice.


I never saw him


look his mother in the eye.


His neck


always bent slightly downward,


as though tied


by an invisible rope.


Whenever Grandmother spoke,


windows began closing


one by one


inside his eyes.


He always seemed to me


a servant


of his own shadow.


A man


whose lips were intact


but whose words were gone.


Whose body was whole


but whose will had vanished.


Looking back now,


it seems


there were two men in that house:


one without a hand,


the other without a voice.


And the silence of both


had become


the private estate


of a single woman.




And on the veranda


sat the Soda-Water Grandmother.


No.


She did not merely sit there.


She was embedded there.


Like a stone


mortared for centuries


into the steps of an old shrine.


Her sari


held within its folds


the sunlight of turmeric,


kitchen smoke,


stale verdicts,


and the scent


of unspoken commands.


Its loose end rested upon her shoulder


like an old python


coiled into its final sleep.


A ring of keys


hung from her waist.


Those keys


never seemed meant for rooms.


I believed


they opened and closed


people's throats.


Her spectacles—


thick-lensed,


enormous.


So thick


that the eyes behind them


were not eyes at all


but two small eclipses.


When sunlight struck the glass,


a strange light spread across the veranda—


a light without warmth.


As though the sun


had lost its blood.


Sometimes her gaze


reminded me


of two cold coins


gleaming


at the bottom of a dried-up well.



Chaiji would often say,


“Her gaze is not good.


She works charms and dark spells.”


I did not understand witchcraft.


But I knew this:


whenever she looked at me,


my toys laughed less.


My ball felt heavier.


My kite flew lower.


And evening


seemed to lose


one of its colors.




In the backyard


stood a lemon tree.


So laden with fruit


its branches bowed down.


In summer,


the yellow lemons


shone among the leaves


as if a wandering fakir


had stitched tiny suns


into the green sky.


At night


those same lemons


hung like moons.


Yet it always seemed to me


that the tree smiled little


and carried burdens more.


As though it knew


some ancient sorrow


lay buried


around its roots.




Like Irfana.


The daughter


of the first wife.


Winter had slowly filled her legs.


As though someone


had drained the water from her veins


and replaced it


with fine ash made of ice.


She traced circles


in the dirt with her finger.


One circle.


Then another.


Then another.


As though she were drawing doors


upon the chest of the earth.


Now it seems to me


she was not playing.


She was digging


a tunnel


toward another world.




Every Thursday


a rickshaw came.


She was taken to the shrine.


Dust.


Blessed water.


Amulets.


Incense smoke.


Prayers breathed over her body—


all circled around her


like helpless angels


hovering above


a wounded bird.


But a doctor never came.


The illness


continued lowering its roots


into her body,


slowly,


patiently,


like a cold tree


growing upside down.




Grandmother's cane


was not wood.


It was the house's second tongue.


When it sliced through air,


it sounded


as though an invisible tailor


had cut through the fabric of silence.


When it landed upon a palm,


it left a red line—


as though sleeping lightning


beneath the skin


had suddenly awakened.


Its hiss


lingered in the sky of my childhood


like a black heron


tearing strips of sunlight


with its wings.



The first daughter-in-law


had entered the house


like sunlight.


The henna on her hands


had scarcely dried.


Yet slowly,


colours began falling


from her laughter.


Birds fled


from her voice.


The windows of her eyes


began closing.


Then one day,


she left.


Divorce.


I did not know the word then.


But I remember


the emptiness afterward—


as though someone


had removed a picture from a wall


and only its pale outline remained.


The children stayed.


Irfana stayed.


The mother left.


And Grandmother


remained seated at the threshold,


like a judge


guarding her own verdict.




Then came the second wife.


For a few days


the sounds of the kitchen changed.


The clatter of utensils


carried a little hope.


The

n the same thing happened.


Blue bruises


flowered upon her arms,


as though night itself


had left behind


its fingerprints.


Sleep vanished from her eyes,


replaced by the smoke


of exhaustion.




And Grandmother?


She remained on the veranda.


Unchanged.


Like mountains


that stay rooted


while seasons come and go.


Or like an eclipse


that lingers inside the eyes


long after the sun has moved on.




Then one day,


Irfana died.


So quietly


that it was like a lamp


extinguished underwater,


without a sound.


That morning,


the lemon tree was still there.


Crows sat upon its branches.


The factory bottles continued speaking.


Clink...


Clink...


Clink...


The world


went on with its work,


as though death


were merely a small footnote


in its daily ledger.




Now, after so many years,


whenever a soda bottle is opened


and the marble strikes the glass—


Clink...


the house in Ansari Ward


opens again inside me.


There is the lemon tree.


The empty sleeve.


The bent neck.


Irfana drawing circles in dust.


The whistle of the cane.


And upon the veranda,


behind thick spectacles,


the Soda-Water Grandmother—


who no longer seems a woman


but an ancient eclipse,


whose shadow


remains inside children's bones


long after the sun has passed,


and whose coldness


keeps turning voices into stone


for generations. 

No comments:

Post a Comment