चमचियाँ
महिला कॉलेज के उस पुराने अहाते में,
जहाँ कभी इल्म
सुबह की पहली रोशनी में
कुएँ के ठहरे हुए पानी की तरह
साफ़ दिखाई देता था,
जहाँ किताबें
खुली खिड़कियों पर बैठे कबूतरों की तरह
अपने-अपने आसमान तलाशती थीं,
जहाँ सवाल
धरती के सीने में उतरती जड़ों की तरह
अँधेरे में भी रास्ते बनाते थे,
वहाँ अब
एक दूसरी फ़सल उग आई थी।
वह किसी वनस्पति-विज्ञान की किताब में दर्ज नहीं थी।
उसकी जड़ें मिट्टी में नहीं,
मसनदों के नीचे उतरती थीं।
उसके फूलों में ख़ुशबू नहीं,
सहूलियत की गंध होती थी।
और उसके फलों में रस नहीं,
रियायत का मीठा ज़हर भरा होता था।
लोग उसे
चमचियाँ कहते थे।
वे औरतें नहीं थीं।
वे दरबार की थाली में रखे
चाँदी के वे चमचे थीं
जो उम्र भर
किसी और का स्वाद चखते-चखते
अपनी धातु का स्वाद भूल चुकी थीं।
वे आईने भी नहीं थीं।
वे आईनों पर चढ़ा हुआ
वह पारा थीं
जो हर चेहरे को
एक ही चेहरा बना देता है।
वे आवाज़ें भी नहीं थीं।
वे आवाज़ के पीछे-पीछे चलने वाली
वफ़ादार परछाइयाँ थीं,
जो सूरज डूब जाने के बाद भी
अपने मालिक का पीछा नहीं छोड़तीं।
प्राचार्या का कमरा
कमरा नहीं था।
वह एक विशाल ग्रह था,
और उसके चारों ओर
ये चमचियाँ
छोटे-छोटे उपग्रहों की तरह
चक्कर लगाती रहती थीं।
गुरुत्वाकर्षण का नियम
वहाँ न्यूटन नहीं,
निकटता लिखती थी।
जो जितना क़रीब,
वह उतना ही महत्वपूर्ण।
जो जितना दूर,
वह उतना ही ग़ायब।
अगर वहाँ से
एक मुस्कान झरती,
तो बरामदों में
मुस्कानों की खेती शुरू हो जाती।
अगर वहाँ से
एक भौंह उठती,
तो दर्जनों भौंहें
आसमान में झंडों की तरह लहराने लगतीं।
अगर वहाँ से
एक वाक्य जन्म लेता,
तो अगले ही दिन
वह वाक्य
कॉलेज के संविधान का नया अध्याय बन जाता।
ऐसा लगता था
मानो शब्द
अर्थ से नहीं,
कुर्सी से पैदा होते हों।
धीरे-धीरे
चमचियों ने भाषा नहीं सीखी।
उन्होंने साँस लेने का अंदाज़ सीखा।
खाँसने का अंदाज़।
मुस्कुराने का अंदाज़।
रुकने का अंदाज़।
नाराज़ होने का अंदाज़।
यहाँ तक कि
ख़ामोश रहने का भी अंदाज़।
एक दिन ऐसा आया
जब उनके भीतर का इंसान
उसी तरह ग़ायब हो गया
जैसे पुराने नक़्शों से
नदियाँ ग़ायब हो जाती हैं।
उनकी रीढ़ों पर
अमरबेल उग आई थी।
ख़ुशनूदी की अमरबेल।
वह धीरे-धीरे
हड्डियों को खा जाती थी।
फिर शरीर
सीधा खड़ा तो दिखाई देता था,
मगर भीतर से
पूरी तरह खोखला हो चुका होता था।
वे झुकती नहीं थीं।
उनके भीतर उग आई बेलें
उन्हें झुका देती थीं।
उधर,
कुछ लोग थे
जो अब भी काम करते थे।
वे पुस्तकालय के उन पुराने ग्रंथों जैसे थे
जिनके पन्ने पीले पड़ चुके हों,
मगर जिनमें अब भी
सभ्यताओं की धड़कनें सुरक्षित हों।
वे उन कुओँ जैसे थे
जो पूरी बस्ती की प्यास ढोते हैं,
मगर जिनके नाम
किसी शिलापट्ट पर नहीं लिखे जाते।
वे उन बैलों जैसे थे
जिनकी गर्दनों पर
मौसमों का जुआ रखा होता है,
मगर फ़सल का सेहरा
हमेशा बिजूकों के सिर बँधता है।
उनके माथों पर
पसीना उगता था।
चमचियों के माथों पर
मंज़ूरियाँ।
उनके हाथों में
स्याही होती थी।
चमचियों के हाथों में
तालियों की फ़सल।
वे इल्म पैदा करते थे।
चमचियाँ
इल्म के चारों ओर
शोहरत की मधुमक्खियाँ पालती थीं।
धीरे-धीरे
पूरा कॉलेज
एक शीशमहल में बदल गया।
और शीशमहलों की सबसे बड़ी त्रासदी यह है
कि वहाँ रोशनी नहीं बढ़ती,
सिर्फ़ प्रतिबिम्ब बढ़ते हैं।
एक चेहरा
सौ चेहरों में टूट जाता है।
एक झूठ
हज़ार सच्चाइयों का लिबास पहन लेता है।
एक कृपा
पूरा इतिहास लिखने बैठ जाती है।
चमचियाँ बढ़ती गईं।
वैसे नहीं
जैसे पेड़ बढ़ते हैं।
वे बढ़ीं
जैसे सीलन बढ़ती है।
जैसे दूध में उतरती खटास।
जैसे बंद संदूक में लगती दीमक।
जैसे कुएँ में गिरा हुआ ज़हर
धीरे-धीरे
पूरे गाँव की प्यास में घुल जाता है।
पहले एक।
फिर दो।
फिर चार।
फिर पूरा बरामदा।
फिर पूरी इमारत।
फिर ऐसा लगा
मानो कॉलेज नहीं,
आईनों की कोई नर्सरी हो,
जहाँ हर पौधा
एक ही चेहरा उगाता है।
और तब
सच्चाई का हाल
उस अकेले परिंदे जैसा हो गया
जो तोतों के जंगल में
अपनी भाषा बचाने की कोशिश करता है।
हर तरफ़
क़सीदों की धूल उड़ रही थी।
हर तरफ़
ताबेदारी के फूल खिले हुए थे।
हर तरफ़
इनायत के मौसम थे।
और योग्यता—
योग्यता किसी सूखे कुएँ में बैठी
अपनी ही प्रतिध्वनि सुन रही थी।
फिर एक रात
एक अजीब दृश्य घटित हुआ।
अहाते में लगे
सारे आईने
एक-दूसरे की तरफ़ मुड़ गए।
उन्होंने इंसानों को देखना बंद कर दिया।
अब वे
सिर्फ़ आईनों को देखते थे।
प्रतिबिम्बों को।
प्रतिध्वनियों को।
मंज़ूरियों को।
ख़ुशनूदियों को।
और देखते-देखते
प्रतिबिम्बों की वह भीड़
इतनी घनी हो गई
कि असली चेहरे
उसमें दम घुटने से मर गए।
सुबह जब चौकीदार ने फाटक खोला,
तो कॉलेज अपनी जगह मौजूद था।
इमारतें थीं।
कक्षाएँ थीं।
फ़ाइलें थीं।
कुर्सियाँ थीं।
मसनद थी।
आईने थे।
मगर चेहरे नहीं थे।
सिर्फ़ चमक बची थी।
सिर्फ़ पालिश।
सिर्फ़ चाँदी का मुलम्मा।
सिर्फ़ वह भयावह उजाला
जिसमें कोई आत्मा नहीं रहती।
और पुस्तकालय की सबसे पुरानी किताब ने
अपना फटा हुआ पन्ना पलटकर
बहुत धीरे से कहा—
"दीमक हमेशा लकड़ी नहीं खाती,
कभी-कभी वह संस्थानों की आत्मा भी खा जाती है।
और उसकी सबसे चमकीली नस्ल का नाम है—
चमची।”
The Sycophants
In the old courtyard of that women's college,
where knowledge once
appeared as clear
as still water in a village well
under the first light of dawn,
where books,
like pigeons perched upon open windows,
searched for their own skies,
where questions,
like roots descending into the breast of the earth,
carved pathways even through darkness—
there now
had sprung another crop.
It was not recorded
in any book of botany.
Its roots did not burrow into soil,
but beneath thrones and cushioned seats.
Its flowers bore no fragrance,
only the odour of convenience.
And its fruits held no nectar,
but a sweet poison called favour.
People called it
The Sycophants.
They were not women.
They were silver spoons
laid upon the platter of a court,
which, after tasting another's flavor for so long,
had forgotten the taste of their own metal.
Nor were they mirrors.
They were the mercury
spread upon mirrors,
turning every face
into the same face.
Nor were they voices.
They were loyal shadows
walking behind a voice,
refusing to abandon their master
even after sunset.
The Principal's office
was not an office.
It was a giant planet,
and around it
these sycophants revolved
like obedient moons.
The law of gravity there
had not been written by Newton,
but by proximity.
The nearer one stood,
the more important one became.
The farther one drifted,
the more invisible one grew.
If a smile fell from that room,
entire harvests of smiles
would begin to bloom in the corridors.
If an eyebrow rose,
dozens of eyebrows
would flutter like flags in the sky.
If a sentence was born there,
by the following morning
it became a new chapter
in the constitution of the college.
One felt
as though words
were born not from meaning,
but from the chair of authority itself.
Slowly,
the sycophants did not learn a language.
They learned a manner of breathing.
A manner of coughing.
A manner of smiling.
A manner of pausing.
A manner of taking offense.
Even a manner
of remaining silent.
And one day,
the human being within them
vanished
the way rivers disappear
from old maps.
A parasitic vine
had grown upon their spines—
the immortal creeper
of pleasing power.
Slowly,
it devoured bone.
The body still appeared upright,
yet inside
it had become entirely hollow.
They did not bend.
The vine within them
bent them.
Elsewhere,
there were still a few people
who continued to work.
They resembled those old volumes
in forgotten corners of libraries,
their pages yellowed,
yet still preserving
the heartbeat of civilizations.
They were like wells
that carried the thirst of an entire settlement,
yet whose names
were never carved upon commemorative stones.
They were like oxen
bearing the yoke of seasons upon their necks,
while the wreaths of harvest
were forever placed
upon the heads of scarecrows.
Sweat blossomed
upon their foreheads.
Approval blossomed
upon the foreheads of the sycophants.
Their hands carried ink.
The sycophants' hands
carried harvests of applause.
The workers produced knowledge.
The sycophants
cultivated swarms of fame
around knowledge.
Gradually,
the entire college
became a palace of mirrors.
And the greatest tragedy
of palaces of mirrors
is that light never increases there—
only reflections do.
One face
fractures into a hundred faces.
One lie
dons the garments
of a thousand truths.
One act of favour
sits down to write
the whole of history.
The sycophants multiplied.
Not as trees multiply.
They spread
like dampness.
Like sourness entering milk.
Like termites in a sealed chest.
Like poison dropped into a well,
slowly dissolving
into the thirst of an entire village.
First one.
Then two.
Then four.
Then an entire corridor.
Then the whole building.
Until it seemed
the college was no longer a college,
but a nursery of mirrors,
where every plant
grew the same face.
And then,
truth became
like a solitary bird
trying to preserve its language
inside a forest of parrots.
Everywhere
the dust of praise drifted through the air.
Everywhere
flowers of obedience bloomed.
Everywhere
the seasons of patronage prevailed.
And merit—
merit sat inside a dry well,
listening only
to its own echo.
Then one night,
a strange thing occurred.
All the mirrors
in the courtyard
turned toward one another.
They stopped looking at human beings.
Now they gazed only
at mirrors.
At reflections.
At echoes.
At approvals.
At acts of pleasing.
And gradually
that crowd of reflections
grew so dense
that the real faces
suffocated to death within it.
The next morning,
when the watchman opened the gate,
the college still stood exactly where it had been.
The buildings remained.
The classrooms remained.
The files remained.
The chairs remained.
The throne remained.
The mirrors remained.
But the faces were gone.
Only shine remained.
Only polish.
Only a coating of silver.
Only that terrifying brightness
in which no soul resides.
And the oldest book
in the library
turned its torn page
and whispered softly:
Termites do not always feed on wood. Sometimes they devour the soul of institutions.
And the brightest species among them
is called— the sycophant.

No comments:
Post a Comment